Char Dham Yatra 2026 : अतिथि देवो भवः की भावना के साथ होगा श्रद्धालुओं का स्वागत, ऋषिकेश में 24 घंटे खुलेंगे रजिस्ट्रेशन काउंटर

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 12:29 PM (IST)

 शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Char Dham Yatra 2026 :  उत्तराखंड में आगामी Char Dham Yatra 2026 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण के यात्रा संभव नहीं होगी। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था पहले से लागू है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑफलाइन पंजीकरण की भी व्यापक तैयारी की गई है।

50 ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटर होंगे स्थापित
यात्रा मार्ग पर कुल 50 ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इनमें से 30 काउंटर Rishikesh में और 20 काउंटर Vikasnagar में बनाए जाएंगे। इन सभी केंद्रों पर 24 घंटे पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

देहरादून में समीक्षा बैठक
यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए Dehradun में जिलाधिकारी Sav in Bansal की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और ऋषिकेश व विकासनगर क्षेत्र में पार्किंग, आवास क्षमता, पंजीकरण व्यवस्था, सड़क, पेयजल, परिवहन, भोजन, शौचालय और स्वच्छता जैसे अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। डी.एम ने ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। डायवर्जन प्लान को प्रभावी बनाने तथा लाइटिंग व्यवस्था को बेहतर करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम
यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने नोडल और सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति कर प्रभावी निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए एआई तकनीक के उपयोग पर भी विचार किया जा रहा है।

मेडिकल और अन्य सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रजिस्ट्रेशन स्थलों पर यात्रियों के ठहरने, बैठने और कतार व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। धूप और बारिश से बचाव के लिए शेड लगाए जाएंगे।

रजिस्ट्रेशन केंद्रों पर होंगी आधुनिक सुविधाएं
डी.एम ने निर्देश दिए हैं कि सभी ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर प्रशिक्षित ऑपरेटर, पर्याप्त स्टाफ और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था हो। साथ ही, 24 घंटे संचालन सुनिश्चित किया जाए। जरूरत पड़ने पर मोबाइल पंजीकरण टीमें भी तैनात की जाएंगी। यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए होल्डिंग एरिया तक शटल सेवा भी संचालित की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि चार धाम यात्रा के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News