Chandra Shekhar Azad : फियरलेस लाइफ जीना चाहते हैं तो आज ही पढ़ें चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन की ये अनसुनी कहानी
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 01:01 PM (IST)
Chandra Shekhar Azad : महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की उन दिनों आर्थिक स्थिति खराब थी। वह एक कंपनी में मोटर गाड़ी चलाकर अपने जीवन-यापन लायक भी नहीं कमा पा रहे थे। कभी-कभी उन्हें मात्र चने खाकर ही भूख शांत करनी पड़ती थी। एक दिन ऐसा हुआ कि सारा दिन मोटर गाड़ी चलाने के बाद शाम को जब भूख ने सताया तो उन्होंने देखा कि उनके पास केवल एक पैसा ही बचा है।
तभी उन्हें भुने चने बेचने वाला दिखाई दिया। भूख मिटाने के लिए उन्होंने उस एक पैसे के चने खरीदने का फैसला किया। चने वाले के पास जाकर उससे एक पैसे के चने देने को कहा। चने लेकर जब उन्होंने खाने शुरू किए तो उन्हें चनों के बीच एक पैसा दिखाई दिया। आजाद बहुत चकित हो गए, खुश भी हुए।
कुछ समय के लिए उनका मन डोल भी गया और सोचने लगे कि कल का काम भी चल जाएगा। चने खाते-खाते यही सब सोच रहे थे कि अचानक उनके मन में ख्याल आया- अगर मैं यह एक पैसा रख लेता हूं तो मेरा काम तो चल जाएगा पर हमेशा मुझे यह बात मन में चुभेगी कि मैंने किसी और का पैसा खा लिया।
यही सोचकर चंद्रशेखर आजाद चने वाले के पास गए और उसके हाथ पर एक पैसा रखकर बोले कि भाई! तुमने मुझे चनों के साथ एक पैसा भी दे दिया। अगर ऐसा करोगे तो क्या कमाओगे? चने वाला कुछ बोलता इससे पहले आजाद उसकी हथेली पर पैसा रखकर चल दिए। चने बेचने वाला उस नौजवान की ओर देखता रह गया।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
