मथुरा और ब्रज भूमि विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहेंगे: मोदी

punjabkesari.in Friday, Nov 24, 2023 - 08:00 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मथुरा/लखनऊ (मानव, नासिर): ब्रज रज उत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो लोग भारत को उसकी पहचान से काटना चाहते हैं उन्होंने ब्रज भूमि को विकास से अछूता रखा। देश गुलामी की मानसिकता से बाहर आया है। मथुरा और ब्रज भूमि विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहेंगे। वह दिन दूर नहीं जब ब्रज में भी भगवान के दर्शन और दिव्यता के साथ होंगे। 

24 कोस का यह ब्रजमंडल भी यू.पी. और राजस्थान को मिलकर बनता है। भारत सरकार का प्रयास है कि अलग-अलग राज्य सरकारों के साथ मिलकर ब्रज क्षेत्र का विकास किया जाए। प्रधानमंत्री बुधवार की शाम मथुरा में आयोजित ब्रज रज उत्सव में भाग लेने आए थे। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले राधे राधे, जय श्रीकृष्ण के उद्बोधन के साथ ब्रजवासियों का अभिवादन किया। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान के चुनाव मैदान से इस भक्ति वातावरण में आया हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां वही आते हैं जिन्हें श्रीकृष्ण और श्रीजी बुलाते हैं। यह कोई साधारण धरती नहीं है। 

ब्रज प्रेम का साक्षात अवतार है। यह ब्रज ही है जिसकी रज भी पूरे संसार में पूजनीय है। यहां के कण कण में कृष्ण हैं। विश्व की सभी तीर्थ यात्राओं का जो लाभ होता है उससे भी अधिक लाभ मथुरा और ब्रज की यात्रा से मिल जाता है। हेमा मालिनी सांसद तो हैं लेकिन वह ब्रज में रम गई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर हम वर्तमान काल की चुनौतियों को देखेंगे तो मीराबाई अपने मूल्यों से जुड़े रहने की सीख देती हैं।  मथुरा तो भक्ति आंदोलन की विभिन्न धाराओं का केंद्र रहा है। कितने ही संत यहां आए जिन्होंने भारतीय समाज में नई चेतना फूंकी। 

ब्रज रज उत्सव में शिरकत करने पहुंचे पी.एम. नरेंद्र मोदी, सी.एम. योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने संत मीराबाई की 525वीं जयंती के अवसर पर संयुक्त रूप से मीराबाई पर डाक टिकट और 525 रुपए का सिक्का जारी किया। 
मीराबाई पर डाक टिकट जारी करने के बाद केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा संत मीराबाई पर बनाई गई डॉक्यूमैंट्री फिल्म भी दिखाई गई।

ब्रज के लिए यह गौरव का दिन है : हेमा मालिनी
हेमा मालिनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विश्व में देश का नाम ऊंचा किया है। ब्रज के लिए यह गौरव का दिन है। एक सांसद के रूप में मैंने भी दस साल में बहुत विकास किया है और अभी बहुत काम बाकी भी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जनहित के सभी कार्यों में मेरा उत्साह बढ़ाया है। ब्रजधाम से बड़ा कोई धाम नहीं है। 

नया भारत अपनी विरासत पर गर्व की अनुभूति करता है: योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रजवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नए भारत का वैश्विक मंच पर सम्मान बढ़ा है। भारत की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। साढ़े नौ वर्षों में हर समस्या को एक मार्ग दिखाकर समाधान तक पहुंचाया है। 

नए भारत के रूप में एक विकसित भारत की रूपरेखा प्रस्तुत की है। नया भारत अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करता है। काशी विश्वनाथ धाम आज पूरी दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News