Banke Bihari Phool Bangla : आज से सजेगा बांके बिहारी मंदिर में फूलों का दरबार, 137 दिन तक चलेगा खास श्रृंगार

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 10:58 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Banke Bihari Phool Bangla :गर्मी का मौसम शुरू होते ही वृंदावन के आराध्य श्री बांके बिहारी महाराज को शीतलता प्रदान करने के लिए मंदिर में 29 मार्च से फूल बंगला सजाने की परंपरा शुरू हो गई है। इस विशेष सेवा के तहत ठाकुरजी को सुगंधित फूलों से बने बंगले के बीच विराजमान कराया जाता है, जिससे उन्हें ठंडक मिल सके और भक्त भी विशेष दर्शन कर सकें।

इस वर्ष अधिक मास होने के कारण फूल बंगला दर्शन की अवधि सामान्य से अधिक रहेगी। यानी इस बार ठाकुरजी लगभग एक माह अधिक समय तक फूल बंगले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर प्रबंधन के अनुसार 29 मार्च को कामदा एकादशी के दिन इस वर्ष का पहला फूल बंगला सजाया जाएगा, जिसके बाद लगातार 137 दिनों तक ठाकुरजी फूल बंगला में विराजेंगे। इस श्रृंखला का अंतिम फूल बंगला 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या के दिन सजाया जाएगा।

मंदिर की प्राचीन सेवा परंपरा को जारी रखते हुए श्री बांके बिहारी मंदिर की हाईपावर्ड प्रबंध समिति ने व्यवस्थाओं में कुछ बदलाव भी किए हैं। अब फूल बंगला सजाने के लिए भक्तों को पहले की तुलना में अधिक शुल्क जमा करना होगा। पहले यह शुल्क 15 हजार रुपये था, जिसे अब बढ़ाकर 1 लाख 51 हजार रुपये कर दिया गया है। यह शुल्क मंदिर कार्यालय में जमा करना होगा।

गर्मी के दिनों में फूल बंगला सेवा का विशेष महत्व होता है। सुगंधित और ठंडक देने वाले फूलों से ठाकुरजी का बंगला सजाया जाता है, जिससे मंदिर का वातावरण भी बेहद आकर्षक और भक्तिमय हो जाता है। इस दौरान दूर-दूर से श्रद्धालु विशेष रूप से फूल बंगला दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News