Banke Bihari Mandir : बांके बिहारी मंदिर में विकास की रफ्तार तेज ! 7 संपत्तियां हुईं ट्रस्ट के नाम, कुंज गलियों का होगा कायाकल्प

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 10:44 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Banke Bihari Mandir : वृंदावन स्थित प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के आसपास प्रस्तावित जनसुविधा कॉरिडोर परियोजना को लेकर प्रशासन ने काम में तेजी ला दी है। इसी क्रम में सोमवार, 9 फरवरी को परियोजना क्षेत्र में आने वाली एक और संपत्ति की रजिस्ट्री पूरी की गई। अब तक कुल सात संपत्तियां ठाकुर बांके बिहारी जी के नाम दर्ज की जा चुकी हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि अगले दो महीनों के भीतर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त कर ली जाए।

सोमवार को यह रजिस्ट्री मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप और एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा की मौजूदगी में तहसीलदार सदर के माध्यम से कराई गई। इस दौरान श्री राधे कृष्ण पाठक ने अपनी करीब 70 वर्ग मीटर भूमि ठाकुरजी के नाम पंजीकृत कराई। इसके साथ ही अब तक लगभग 900 वर्ग मीटर जमीन परियोजना के लिए खरीदी जा चुकी है।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के मार्गदर्शन में यह प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। प्रशासन द्वारा दिए जा रहे आकर्षक पुनर्वास पैकेज के कारण स्थानीय लोग स्वेच्छा से अपनी संपत्तियों की रजिस्ट्री करा रहे हैं। विस्थापितों को उचित मुआवजा दिया जा रहा है। व्यापारियों को दुकान के बदले दुकान उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो। साथ ही मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुक्मणि विहार क्षेत्रों में आवासीय फ्लैट भी दिए जा रहे हैं।

प्रशासन का कहना है कि इस परियोजना से वृंदावन की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा बनी रहेगी, साथ ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी। भीड़भाड़ कम करने के लिए चौड़े प्रवेश और निकास मार्ग बनाए जाएंगे। परिसर में पीने के पानी, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षित प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा पर्यटन बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

पूरे प्रोजेक्ट की निगरानी एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा की जा रही है। इस समिति की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार कर रहे हैं। इसमें जिला जज विकास कुमार, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश और गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। यह समिति परियोजना को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने की जिम्मेदारी निभा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News