Bada Mangal 2026 : चौथे बड़े मंगल पर न करें ये गलतियां, वरना हो सकता है भारी नुकसान
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 04:14 PM (IST)
Bada Mangal 2026 : हिंदू धर्म में ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले मंगलवार का बहुत खास महत्व है। जिन्हें बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगव कहा जाता है। इस बार अधिकमास के कारण 4 की जगह 8 बड़े मंगल पड़ रहे हैं। मान्यता है कि इस दिन पूरे विधि-विधान का साथ बजरंगबली जी की पूजा करने और व्रत रखने से जीवन के हर कष्टों का नाश होता है और शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इस बार चौथे बड़े मंगल बेहद खास और कई दुर्लभ संयोग के साथ मनाया जाएगा। इसलिए इस दिन हनुमान जी के साथ-साथ श्री हरि की भी विशेष कृपा प्राप्त होगी। इस दिन कुछ खास बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। तो आइए जानते हैं कि चौथे बड़े मंगल के दिन जीवन में सुख-समृद्धि बनाएं रखने के लिए कौन सी गलतियां नहीं करनी चाहिए।

तामसिक भोजन और नशीली चीजों का सेवन
चौथे बड़े मंगल पर एकादशी का शुभ संयोग बन रहा है। इस दिन गलती से भी घर में मांस, मदिरा, अंडा या प्याज-लहसुन का प्रयोग न करें। ऐसा करने से घर की पवित्रता भंग होती है, जिससे हनुमान जी और श्रीहरि दोनों ही रुष्ट हो जाते हैं, और घर में दरिद्रता आती है।
किसी असहाय या जरूरतमंद का अपमान करना
बड़ा मंगल मुख्य रूप से सेवा, दान और भंडारे का पर्व है। यदि आपके द्वार पर कोई गरीब, बुजुर्ग, भिखारी या प्यासा व्यक्ति आए, तो उसे खाली हाथ या डांटकर न भगाएं। हनुमान जी किसी भी रूप में आपकी परीक्षा लेने आ सकते हैं। किसी लाचार का दिल दुखाने से पुण्य कर्म नष्ट हो जाते हैं और भाग्य का साथ मिलना बंद हो जाता है।
घर में क्लेश, वाद-विवाद या अपशब्द बोलना
पद्मिनी एकादशी और चौथे बड़े मंगल के दिन मानसिक शुद्धता बहुत जरूरी है। इस दिन घर में गुस्सा न करें, किसी से झगड़ा न करें और न ही किसी की पीठ पीछे बुराई करें। माना जाता है कि जहां क्लेश और अशांति होती है, वहां से माता लक्ष्मी रूठकर चली जाती हैं। भगवान विष्णु और हनुमान जी की पूजा का फल भी ऐसे में प्राप्त नहीं होता।
काले या गहरे रंग के कपड़ों का प्रयोग
हनुमान जी की पूजा में रंगों का विशेष महत्व है। चौथे बड़े मंगल की पूजा के दौरान भूलकर भी काले, गहरे नीले या मटमैले रंग के कपड़े न पहनें। काले रंग को नकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है। इस दिन लाल, पीले या नारंगी रंग के वस्त्र धारण करना सबसे शुभ और फलदायी होता है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
