Baba Balak Nath Temple: बाबा बालक नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का सामान चुराते रंग
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 10:15 AM (IST)
दियोटसिद्ध (रजत): बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार तड़के मंदिर की व्यवस्थाओं को संभालने के लिए रखे गए मंदिर न्यास के अस्थायी कर्मचारियों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार कपूरथला से करीब 700 श्रद्धालुओं का एक जत्था बाबा जी के दरबार में माथा टेकने पहुंचा हुआ था।
शनिवार रात और रविवार दोपहर के लंगर की व्यवस्था इसी जत्थे द्वारा सरकारी लंगर भवन में करवाई जा रही थी। रात को सभी श्रद्धालु विश्राम हॉल में सो रहे थे कि इसी दौरान सुबह करीब 3 बजे 3 अज्ञात व्यक्ति हॉल में दाखिल हुए और सोए हुए श्रद्धालुओं के मोबाइल, नकदी और गहने चुराने लगे। कुछ श्रद्धालुओं की आंख खुलने पर उन्होंने इन संदिग्धों को दबोच लिया और जब इनकी तलाशी ली गई तो इनसे चोरी का सामान बरामद हुआ एवं कुछ सामान का अभी कुछ पता नहीं है।
इस घटना के बाद विश्राम हॉल में हड़कंप मच गया और पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंदिर न्यास के अस्थायी कर्मियों और सफाई कर्मचारी के रूप में हुई। गुस्साए श्रद्धालुओं ने तीनों आरोपियों को हॉल के पिल्लरों से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई की। इस सारे प्रकरण की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। वीडियो में आरोपियों को बुरी तरह से पीटा जा रहा है और उनके पास से गहनों के अलावा नकदी एवं मोबाइल लिए जा रहे हैं।
