Ayodhya Ram Mandir: रामलला के ध्वजारोहण पर अयोध्या में होगा खास इंतजाम, देश करेगा LIVE दर्शन
punjabkesari.in Friday, Nov 14, 2025 - 08:30 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर होने वाला ध्वजारोहण कार्यक्रम पूरे देश के लिए एक और ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण होगा। यह समारोह मंदिर निर्माण की पूर्णता का प्रतीक है। इस भव्य और ऐतिहासिक पल को हर राम भक्त तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस पूरे आयोजन का देशभर में लाइव प्रसारण किया जाएगा।
राम मंदिर ध्वजारोहण
अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज का रोहण 25 नवंबर 2025 को किया जाना निर्धारित है। यह दिन पंचांग के अनुसार विवाह पंचमी का अत्यंत शुभ पर्व भी है। जानकारी के अनुसार, इस ऐतिहासिक ध्वजारोहण के मुख्य अनुष्ठान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत शामिल होंगे। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे के बीच अभिजित मुहूर्त और श्रवण नक्षत्र के अति शुभ योग में सम्पन्न होगा। ध्वजारोहण कार्यक्रम की भव्यता और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए, 24 नवंबर 2025 की शाम से 26 नवंबर 2025 की सुबह तक रामलला के दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे।
अयोध्या में 30 LED स्क्रीन की व्यवस्था
चूंकि राम मंदिर परिसर में सीमित जगह के कारण केवल निमंत्रित अतिथि ही मुख्य कार्यक्रम में शामिल हो पाएंगे, इसलिए अयोध्या आने वाले आम श्रद्धालुओं के लिए इस दिव्य क्षण को देखने की विशेष व्यवस्था की गई है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और अयोध्या प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों पर 30 से अधिक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की योजना बनाई गई है। इन स्क्रीनों पर ध्वजारोहण समारोह का सजीव प्रसारण किया जाएगा।
मुख्य स्थानों पर एल.ई.डी स्क्रीन
रामपथ तिराहा, सहादतगंज, टेढ़ी बाजार, नयाघाट पुल, रिकाबगंज, लता मंगेशकर चौक, सुग्रीव किला, राम की पैड़ी के अलावा 30 से अधिक स्थानों पर भी एल.ई.डी स्क्रीन लगाई जाएगी।
देशभर में सजीव प्रसारण की व्यापक तैयारी
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का प्रसारण केवल अयोध्या तक सीमित नहीं रहेगा। व्यापक रूप से इसकी तैयारी की जा रही है कि पूरे देश में हर राम भक्त इस अवसर का साक्षी बन सके। दूरदर्शन सहित देश के सभी प्रमुख टेलीविजन चैनलों पर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। विभिन्न डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सजीव प्रसारण सुनिश्चित किया जाएगा।
