भगवान इस संसार में क्यों अवतार लेते और अंतर्धान होते रहते हैं?
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2015 - 12:18 PM (IST)

श्रीमद्भगवद्गीता यथारूप व्याख्याकार : स्वामी प्रभुपाद अध्याय 3 (कर्मयोग)
अजोऽपि सन्नव्ययात्मा भूतानामीश्वरोऽपि सन्।
प्रकृङ्क्षत स्वामधिष्ठाय सम्भवाम्यात्ममायया।। 6।।
अज :— अजन्मा; अपि :— तथापि; सन् :— होते हुए; अव्यय :— अविनाशी; आत्मा :— शरीर; भूतानाम् :—जन्म लेने वालों के; ईश्वर :—परमेश्वर; अपि :—यद्यपि; सन् :—होने पर; प्रकृतिम् :—दिव्य रूप में; स्वाम् :—अपने; अधिष्ठाय :—इस तरह स्थित; सम्भवामि :—मैं अवतार लेता हूं; आत्मा-मायया :—अपनी अन्तरंगा शक्ति से।
अनुवाद : यद्यपि मैं अजन्मा तथा अविनाशी हूं और यद्यपि मैं समस्त जीवों का स्वामी हूं, तो भी प्रत्येक युग में अपने आदि दिव्य रूप में प्रकट होता हूं।
तात्पर्य : भगवान ने अपने जन्म की विलक्षणता बतलाई है। यद्यपि वह सामान्य पुरुष की भांति प्रकट हो सकते हैं, किंतु उन्हें विगत अनेकानेक ‘‘जन्मों’’ की स्मृति बनी रहती है, जबकि सामान्य मनुष्य को कुछ ही घंटे पूर्व की घटना स्मरण नहीं रहती। यदि कोई पूछे कि एक दिन पूर्व इसी समय तुम क्या कर रहे थे, तो सामान्य व्यक्ति के लिए इसका तत्काल उत्तर दे पाना कठिन होगा। उसे इसको स्मरण करने के लिए अपनी बुद्धि को कुरेदना पड़ेगा कि वह कल इसी समय क्या कर रहा था।
फिर भी लोग प्राय: अपने आपको ‘ईश्वर’ घोषित करते रहते हैं। मनुष्य को ऐसी निरर्थक घोषणाओं से भ्रमित नहीं होना चाहिए। तब भगवान दोबारा अपनी प्रकृति या स्वरूप की व्याख्या करते हैं। प्रकृति का अर्थ स्वभाव तथा स्वरूप दोनों हैं। भगवान कहते हैं कि वे अपने ही शरीर में प्रकट होते हैं। वह सामान्य जीव की भांति शरीर परिवर्तन नहीं करते। इस जन्म में बद्धजीव का एक प्रकार का शरीर हो सकता है, किन्तु अगले जन्म में दूसरा शरीर रहता है। भौतिक जगत में जीव का कोई स्थायी शरीर नहीं है, अपितु वह एक शरीर से दूसरे से देहान्तरण करता रहता है किन्तु भगवान ऐसा नहीं करते। जब भी वह प्रकट होते हैं तो अपनी अंतरंगा शक्ति से वह अपने उसी आद्य शरीर में प्रकट होते हैं।
दूसरे शब्दों में, श्री कृष्ण इस जगत में अपने आदि शाश्वत स्वरूप में दो भुजाओं में बांसुरी धारण किए अवतरित होते हैं। वह इस भौतिक जगत से निष्कलुषित रह कर अपने शाश्वत शरीर सहित प्रकट होते हैं। यद्यपि वह अपने उसी दिव्य शरीर में प्रकट होते हैं और ब्रह्मांड के स्वामी होते हैं तो भी ऐसा लगता है कि वह सामान्य जीव की भांति प्रकट हो रहे हैं।
यद्यपि उनका शरीर भौतिक शरीर की भांति क्षय नहीं होता फिर भी ऐसा प्रतीत होता है कि भगवान कृष्ण बालपन से कुमारावस्था में तथा कुमारावस्था से तरुणावस्था प्राप्त करते हैं। किन्तु आश्चर्य तो यह है कि वह कभी युवावस्था से आगे नहीं बढ़ते। कुरुक्षेत्र युद्ध के समय उनके अनेक पौत्र थे या दूसरे शब्दों में वह भौतिक गणना के अनुसार काफी वृद्ध थे। फिर भी वह बीस-पच्चीस वर्ष के युवक जैसे लगते थे। हमें श्रीकृष्ण की वृद्धावस्था का कोई चित्र नहीं दिखता, क्योंकि वे कभी भी हमारे समान वृद्ध नहीं होते यद्यपि वह तीनों काल में- भूत, वर्तमान तथा भविष्यकाल में-सबसे वयोवृद्ध पुरुष हैं। न तो उनका शरीर और न ही बुद्धि कभी क्षीण होती या बदलती है।
अत: यह स्पष्ट है कि इस जगत में रहते हुए भी वह उसी अजन्मा सच्चिदानंद रूप वाले हैं, जिनके दिव्य शरीर तथा बुद्धि में कोई परिवर्तन नहीं होता। वस्तुत: उनका आविर्भाव-तिरोभाव सूर्योदय के समान है जो हमारे सामने से घूमता हुआ हमारी दृष्टि से ओझल हो जाता है। जब सूर्य हमारी दृष्टि से ओझल रहता है तो हम सोचते हैं कि सूर्य अस्त हो गया है और जब वह हमारे समक्ष होता है तो हम सोचते हैं कि वह क्षितिज में है।
वस्तुत: सूर्य स्थिर है, किंतु अपनी अपूर्ण एवं त्रुटिपूर्ण इन्द्रियों के कारण हम सूर्य को उदय और अस्त होते परिकल्पित करते हैं और चूंकि भगवान का प्राकट्य तथा तिरोधान सामान्य जीव से भिन्न हैं। अत: स्पष्ट है कि वह शाश्वत हैं, अपनी अंतरंगा शक्ति के कारण आनंदस्वरूप हैं और इस भौतिक प्रकृति द्वारा कभी कलुषित नहीं होते। वेदों द्वारा भी पुष्टि की जाती है कि भगवान अजन्मा होकर भी अनेक रूपों से अवतरित होते रहते हैं। वेदांतों से भी पुष्टि होती है कि यद्यपि भगवान जन्म लेते प्रतीत होते हैं, किन्तु तो भी वे शरीर परिवर्तन नहीं करते।
श्रीमद्भागवत में वह अपनी माता के समक्ष नारायण रूप में चार भुजाओं तथा षड्-ऐश्वर्यों से युक्त होकर प्रकट होते हैं। उनका आद्य शाश्वत रूप में प्रकट्य उनकी अहैतुकी कृपा है जो जीवों को प्रदान की जाती है जिससे वे भगवान के यथारूप में अपना ध्यान केंद्रित कर सकें न कि र्निवशेषवादियों द्वारा मनोधर्म या कल्पनाओं पर आधारित रूप में। विश्वकोश के अनुसार माया या आत्म-माया शब्द भगवान की अहैतुकी कृपा का सूचक है। भगवान अपने समस्त पूर्व आविर्भाव-तिरोभावों से अवगत रहते हैं, किन्तु सामान्य जीव को जैसे ही नवीन शरीर प्राप्त होता है, वह अपने पूर्व शरीर के विषय में सब कुछ भूल जाता है।
वह समस्त जीवों के स्वामी हैं, क्योंकि इस धरा पर रहते हुए वह आश्चर्यजनक तथा अतिमानवीय लीलाएं करते रहते हैं। अत: भगवान निरंतर वही परमसत्य रूप हैं और उनके स्वरूप तथा आत्मा में या उनके गुण व शरीर में कोई अंतर नहीं होता। अब यह प्रश्र किया जा सकता है कि भगवान इस संसार में क्यों अवतार लेते और अंतर्धान होते रहते हैं?
(क्रमश:)