रामलला की सीता रसोई को मिल सकता है अदाणी ग्रुप का सहारा, गौतम अदाणी ने सेवा के लिए बढ़ाए हाथ
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 10:48 AM (IST)
Adani Group Ram Mandir Service : अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ-साथ अब भक्तों की सुविधाओं के विस्तार को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। 'सीता रसोई', जहां रामलला के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन कराया जाता है। प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए अब अदाणी समूह आगे आ सकता है। जानकारी के अनुसार, रामजन्मभूमि परिसर में संचालित होने वाली भव्य सीता रसोई की व्यवस्थाओं को संभालने और इसके विस्तार के लिए गौतम अदाणी ने गहरी रुचि दिखाई है।
भक्तों को मिलेगा उच्च स्तरीय प्रसाद और भोजन
सीता रसोई का उद्देश्य मंदिर आने वाले हर श्रद्धालु को शुद्ध और सात्विक भोजन उपलब्ध कराना है। गौतम अदाणी ने संकेतों में स्पष्ट किया है कि उनका समूह इस पवित्र कार्य में अपना योगदान देने के लिए तत्पर है। यदि अदाणी समूह इस परियोजना से जुड़ता है, तो रसोई के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और भोजन वितरण की क्षमता में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
गौतम अदाणी के संकेत और आस्था
हाल ही में अयोध्या दौरे और रामलला के दर्शन के बाद गौतम अदाणी ने मंदिर की दिव्यता की सराहना की थी। उन्होंने अपनी आस्था प्रकट करते हुए सेवा कार्यों से जुड़ने की इच्छा जताई थी। सूत्रों की मानें तो अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से इस रसोई के संचालन के लिए विस्तृत योजना तैयार की जा रही है, जिससे भविष्य में रोजाना हजारों की संख्या में भक्तों को बिना किसी असुविधा के 'प्रसाद' मिल सके।
ट्रस्ट के साथ हो सकती है चर्चा
फिलहाल, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इस विषय पर अंतिम निर्णय लेगा। यदि सहमति बनती है, तो यह अयोध्या में कॉर्पोरेट जगत की ओर से की जाने वाली सबसे बड़ी सेवा गतिविधियों में से एक होगी।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
