शिअद-भाजपा गठजोड़ की चर्चाओं पर विराम: भाजपा इंचार्ज विजय रूपाणी की दो टूक, पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर अकेले लड़ेंगे चुनाव
punjabkesari.in Thursday, Jul 06, 2023 - 07:37 PM (IST)

चंडीगढ़,(अश्वनी कुमार): भारतीय जनता पार्टी व शिरोमणि अकाली दल के बीच एक बार फिर से गठजोड़ होने की चर्चाओं पर वीरवार को विराम लग गया है। शिअद-भाजपा नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि गठबंधन की चर्चाएं बेबुनियाद हैं। भाजपा के पंजाब इंचार्ज विजय रूपाणी ने पंजाब भाजपा के नए अध्यक्ष सुनील जाखड़ के साथ श्री हरिमंदिर साहिब में शीश निवाने के बाद कहा कि 2024 में पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर भाजपा अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में यह चुनाव अध्यक्ष सुनील जाखड़ के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उधर, चंडीगढ़ में शिअद के पार्टी मुख्यालय पहुंचे सुखबीर सिंह बादल ने शिअद-भाजपा गठबंधन की चर्चाओं पर कहा कि शिरोमणि अकाली दल का गठजोड़ बहुजन समाज पार्टी के साथ है इसलिए भाजपा के साथ गठबंधन का सवाल क्यों उठ रहा है। बादल ने कहा कि पार्टी मुख्यालय में उन्होंने नेताओं व कार्यकत्र्ताओं के साथ रूटीन बैठक बुलाई है क्योंकि वह महीनेभर से विदेश में थे। सुखबीर बादल ने यह भी कहा कि पार्टी नेताओं व कार्यकत्र्ताओं के साथ बैठक में पंजाब के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा होनी है क्योंकि पंजाब सरकार ने वैट बढ़ाया है। इसके अलावा पानी का मसले सहित कई अन्य मसले हैं, जिन पर चर्चा होनी है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साधा निशाना, जो हार गए, वो जोड़-तोड़ कर रहे हैं
शिअद-भाजपा गठबंधन की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी तीखा निशाना साधा है। चंडीगढ़ में एक समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जो हार गए हैं, वह जोड़-तोड़ कर रहे हैं। यह जोड़-तोड़ कुर्सी के लिए किया जा रहा है। मान ने कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का नाम लेकर कहा कि यह सभी अपनी कुर्सी के लिए जोड़-तोड़ कर रहे हैं जबकि मैं जनता के लिए जोड़-तोड़ कर रहा हूं। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी इन चर्चाओं पर राय देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पर किसी भी तरह के गठबंधन का कोई असर पडऩे वाला नहीं है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने नहरों में 40 साल के बाद पानी लाने, 27 हजार से ज्यादा नौकरियां देने, मोहल्ला क्लीनिक का निर्माण करने, 80-90 फीसदी लोगों के घरों का बिजली बिल जीरो करने जैसे कार्य किए है, जिसकी वजह से जालंधर उपचुनाव में बड़ी सफलता मिली। इसलिए कितने भी गठबंधन हो जाए, इसका कोई भी फायदा शिअद-भाजपा को मिलने वाला नहीं है। इस गठबंधन की सरकार को जनता ने पहले 10 साल तक भोगा है। अगर दोबारा शिअद-भाजपा गठबंधन होने जा रहा है तो जनता उन्हें सबक सिखाएगी।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वङ्क्षडग़ का दावा- अंदरखाते हो चुका है शिअद-भाजपा का गठबंधन
चर्चाओं के बीच पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंद्र सिंह राजा वङ्क्षडग़ ने चंडीगढ़ में दावा किया कि शिरोमणि अकाली दल व भारतीय जनता पार्टी का अंदरखाते गठबंधन हो चुका है। बस इसकी घोषणा होनी बाकी है। भाजपा के बयान इसलिए बदल रहे हो सकते हैं कि शायद विधानसभा की सीटों पर समझौतों की बात होनी बाकी हो। हालांकि यह साफ है कि इनका 100 फीसदी गठबंधन है और नाखून-मांस का रिश्ता है, जिसका जिक्र खुद केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह कर चुके हैं। वङ्क्षडग़ ने कहा कि दिल्ली में सांसद हरसिमरत कौर बादल को जो बंगला अलॉट है, वह भी उच्च श्रेणी का है और शिअद ने राष्ट्रपति की वोट के दौरान भी एन.डी.ए. का ही साथ दिया।