270 ग्राम हैरोइन सहित तस्कर काबू

punjabkesari.in Sunday, Oct 07, 2018 - 09:39 AM (IST)

मोहाली (राणा): एस.टी.एफ. ने हैरोइन सप्लाई करने वाले एक तस्कर को 270 ग्राम हैरोइन सहित गिरफ्तार किया। वह 4 महीने पहले ही ड्रग तस्करी के एक मामले में जेल से बाहर आया था और फिर से तस्करी करने लगा। आरोपी की पहचान बलविंदर सिंह ठाकुर गांव, पोलिया थाना हरोली जिला ऊना के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ फेज-4 स्थित थाने में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। 

शौक ने बना दिया नशे का सप्लायर
एस.टी.एफ. ए.आई.जी. रोपड़ रेंज हरप्रीत सिंह ने बताया कि एस.टी.एफ. को सूचना मिली थी कि आरोपी ने जेल से बाहर आने के बाद दोबारा से हैरोइन तस्करी का काम शुरू कर दिया है। मोहाली में हैरोइन की सप्लाई करने आ रहा है। एस.टी.एफ. ने मदनपुर चौक में नाके पर उसे दबोच लिया। आरोपी 10वीं पास है। आसानी से पैसे कमाने और अपने शौक पूरे करने के लिए वह नशा तस्करी करने लगा।

तस्करी के कई केस दर्ज, कई बार खा चुका जेल की हवा
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि साल 2006 में उसके खिलाफ थाना सदर रोपड़ में केस दर्ज हुआ था। वह 2 साल तक भगौड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। वह काफी समय तक जेल में रहा और बाद में बरी हो गया। इस दौरान उसकी आर्थिक हालत काफी कमजोर हो गई थी। उसने फिर से हैरोइन तस्करी शुरू कर दी। आरोपी ने बताया कि साल 2013 उसे बंगा पुलिस ने हैरोइन समेत काबू किया था। उसके बाद थाना डिवीजन 2 लुधियाना में 307 का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस केस में अदालत ने उसे बरी कर दिया था। 

इसके बाद वर्ष 2015 में रोपड़ पुलिस ने 20 ग्राम हैरोइन समेत काबू किया था। बाद में जमानत मिल गई। कीरतपुर पुलिस ने 50 ग्राम हैरोइन समेत काबू किया। बाद में 2016 में मोहाली पुलिस ने उसे 40 ग्राम हैरोइन सहित पकड़ा था। बाद में वह अपनी रिहायश बदलकर तस्करी करने लगा। वर्ष 2017 में दोबारा एस.टी.एफ. ने 50 ग्राम हैरोइन समेत काबू किया था। हाईकोर्ट में जमातन मिलने के बाद दोबारा से वह तस्करी करने लगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

bhavita joshi

Recommended News

Related News