धोखाधड़ी मामला : लालड़ू नगर पंचायत अध्यक्ष राणा गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Aug 10, 2017 - 09:10 AM (IST)

लालडू(गुरप्रीत) : लालडू पुलिस ने नगर पंचायत के प्रधान बुल्लु सिंह राणा को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की यह कार्रवाई लालडू के जसतार सिंह पुत्र लाभ सिंह वासी घोलूमाजरा द्वारा तीन महीने पहले दी गई शिकायत पर की। वहीं इस कार्रवाई से भड़के हलका विधायक एन.के शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ लालडू थाने में धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। 

 

थाना प्रभारी पुषपिंदर सिंह ने बताया कि एस.एस.पी. को दी शिकायत में जसतार सिंह ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत के वर्तमान प्रधान बुल्लु सिंह राणा पुत्र बख्शी सिंह अपने लिए बुल्लू सिंह और केसर सिंह के दो नाम इस्तेमाल कर लोगों के साथ धोखा कर रहा है। बुल्लू राणा ने उक्त दो अलग-अलग से नामों से रजिस्ट्रियां, और दस्तावेज तैयार करवाए हुए हैं। बिजली कनैक्शन भी दोनों नामों पर लिए हुए हैं । 

 

यही नहीं, बुल्लू सिंह एवं केसर सिंह के नाम शिनाख्ती कार्ड बनवाकर सरकारी विभागों के साथ धोखाधड़ी की गई है। जहां पर बुल्लु सिंह राणा का नाम आता है वहां पर वह साइन करते हैं तथा जहां पर केसर सिंह का नाम आता है वहां पर वह अंगूठा लगाते है। पुलिस ने बुल्लु सिंह राणा के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि अरैस्ट से बचने के लिए आरोपी बुल्लू सिंह राणा अग्रिम जमानत के लिए सेशन कोर्ट भी गया थे परंतु उसकी जमानत नामंजूर हो गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल हुआ है।

 

कांग्रेस सरकार करवा रही है झूठे केस दर्ज : शर्मा
हलका विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा झूठे केस दर्ज करवाए जा रहे हैं। थानों में बुलाकर पार्षदों को तंग परेशान किया जा रहा है। इस धक्केशाही के पिछे कांग्रेस के दीपइंद्र सिंह ढिल्लों का हाथ है तथा इस धक्केशाही के खिलाफ उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके अकाली दल व भाजपा के पार्षदों के साथ अन्य कार्यकत्र्ता भी मौजूद थे। जिन्होंने थाने में पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

 

बौखलाहट में झूठ बोल रहे है एन.के. शर्मा : ढिल्लों
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दीपइंद्र सिंह ढिल्लों ने कहा कि बौखलाहट में आकर हलका विधायक एन.के शर्मा झूठी बयानबाजी कर ऐसे झूठे आरोप लगा रहे है। पुलिस अपना काम कानून अनुसार कर रही है। किसी पर कोई सियासी दबाव नहीं है। पिछले दस साल में सत्ता में रहे एन.के. शर्मा तीन महीने में ही उकता गए हैं जबकि उनके समय में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News