करवाचौथ : मार्किट में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंची SSP निलांबरी

punjabkesari.in Sunday, Oct 08, 2017 - 08:17 AM (IST)

चंडीगढ़(सुशील) : एस.एस.पी. निलांबरी विजय जगदले ने शनिवार शाम मार्कीट में पुलिस की मुस्तैदी और गश्त का औचक निरीक्षण किया। एस.एस.पी. सबसे पहले सैक्टर-22 की ज्वैलर मार्कीट और किरन सिनेमा के पास वाली मार्कीट में पहुंची जहां करवाचौथ को लेकर महिलाएं महेंदी लगा रही थीं।

 

एस.एस.पी. ने चौकी इंचार्ज को मार्कीट के दोनों तरफ सड़क पर बेरिकेट्स लगाकर बाइक सवारों की चैकिंग के लिए कहा। इसके अलावा मार्कीट के भीतर पुलिस जवानों की पैट्रोलिंग का भी निरीक्षण किया। इसके बाद एस.एस.पी. काफिले के साथ सैक्टर-35 की मार्कीट पहुंची। 

 

वहां पुलिस जवानों को गश्त करने और संदिग्धों पर नजर रखने को कहा, साथ ही मार्कीट में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। इसके बाद एसएसपी सैक्टर-17 मार्कीट पहुंची। वहां उन्होंने सभी थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज को अपने-अपने इलाके में पैट्रोलिंग बढ़ाने और स्नैचरों पर नजर रखने के आदेश दिए। 

 

स्नैचरों को पकडऩे के लिए शाम को लगाए नाके : 
करवाचौथ पर स्नैचिंग रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार पांच बजे ही इंतजाम कर दिए। थाना और चौकी इंचार्ज ने अपने-अपने इलाके में शनिवार पांच बजे नाके लगाए और बाइक सवारों को रोक कर पूछताछ की व दस्तावेज जांचे। पुलिस द्वारा स्नैचरों को पकडऩे लिए नाके रविवार देर रात तक जारी रहेंगे। इसके अलावा मार्कीट व अहम स्थलों पर 1000 जवानों की डयूटी लगाई है। 

 

पर्स छीनकर बाइक सवार फरार : 
सैक्टर-19 स्थित मार्कीट से शॉपिंग कर लौट रही महिला से बाइक सवार युवक पर्स छीन फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर आसपास के एरिया में नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना शुक्रवार शाम करीब 7:45 बजे की है। 

 

सैक्टर-27डी निवासी राधिका ने बताया कि करवाचौथ की शॉपिंग करने के लिए वह सैक्टर-19 स्थित मार्कीट गई थी। शॉपिंग करके जब वह लौट रही थी तो सैक्टर-27 स्थित मकान नंबर-3348 के पास एक बाइक सवार युवक पर्स झपटकर फरार हो गया। पर्स में 500 रुपए, चैकबुक और जरूरी कागजात थे। सैक्टर-26 पुलिस स्टेशन ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News