एस.के. डिस्क के बाहर टिकटॉक स्टार पर गोली चलाने के मुख्य आरोपी समेत तीन काबू

punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2020 - 08:14 PM (IST)

चंडीगढ़, (सुशील राज) : पंजाब पुलिस को वांटेड और सैक्टर-9 स्थित एस.के. बार में टिकटॉक स्टार सौरव गुज्जर को गोली मारकर फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत तीन युवकों को सैक्टर-3 थाना पुलिस ने कैंबवाला से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान लुधियाना के प्रेम नगर निवासी सागर न्यूटन, किला मोहल्ला निवासी मोविश बैंस और नाबालिग के रूप में हुई। मुख्य आरोपी सागर से 32 बोर की पिस्टल और तीन कारतूस बरामद हुए। पता चला कि जिस समय पुलिस आरोपियों को पकडऩे लगी तो सागर ने पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग की कोशिश की लेकिन पुलिस टीम ने फायरिंग से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया। सैक्टर-3 थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया, जबकि सागर ओर मोविश को अदालत ने सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

 


विजय और राजा करते थे पिस्टल की सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आपराधिक वारदात में इस्तेमाल करने के लिए पिस्टल उसे लुधियाना का विजय और राजा सप्लाई करते थे। पुलिस टीम पकड़े गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर विजय और राजा को पकडऩे के लिए लुधियाना रवाना हो गई है।

 

गोली चलाने के बाद लुधियाना चले गए थे
सैक्टर-3 थाना प्रभारी शेर सिंह को सूचना मिली कि 11 अक्तूबर की रात इसको बार में टिकटॉक स्टार सौरव गुज्जर को गोली मारने वाला मुख्य आरोपी सागर न्यूटन अपने दो साथियों के साथ कैंबवाला की जंगल वाली सड़क की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही इंस्पैक्टर शेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कैंबवाला रोड पर नाका लगाकर वाहनों और लोगों की चैकिंग करने लगी। इस दौरान पुलिस टीम को सामने से तीन युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम के साथ मौजूद मामले में शिकायतकत्र्ता और घायल सौरव ने गोली चलाने वाले तीनों युवकों की पहचान कर पुलिस को बताया। पुलिस टीम तीनों आरोपियों को पकडऩे लगी तो सागर न्यूटन ने पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस जवानो ने फायरिंग से पहले ही सागर को दबोचकर उससे पिस्टल छीन ली। इसके साथ ही टीम ने मोविश बैंस और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान सागर से पिस्टल और तीन कारतूस बरामद हुए। आरोपियों ने बताया कि गोली की वारदात को अंजाम देने के बाद चंडीगढ़ से लुधियाना गए थे। इसके बाद अलग-अलग राज्यों में छिपते रहे।

सागर लुधियाना में न्यूटन नाम से चलाता है गिरोह
गोली चलाने के मुख्य आरोपी सागर ने लुधियाना में पूरा आंतक मचा रखा है। उसने लुधियाना में न्यूटन के नाम से गैंग बना रखा है। इस गैंग में बहुत से युवक जुड़े हुए हैं। गैंग को सागर और मोविश बैंस चला रहे हैं। सागर और मोविश ने तो लुधियाना पुलिस की नाक में दम कर रखा था। 

सागर पर दर्ज हैं आठ से अधिक केस
न्यूटन गैंग का मुखिया सागर पर लुधियाना में हत्या, लूट, मारपीट और आम्र्स एक्ट के करीब आठ से ज्यादा केस दर्ज हो रखे हैं। सागर पर हत्या का केस लुधियाना के हैबोवाल पुलिस थाने में, हत्या के प्रयास के तीन केस, एक सैक्टर 3 पुलिस स्टेशन में, दूसरा लुधियाना के स्लैम टाबरी पुलिस स्टेशन में, तीसरा ढोलेवाल थाने में दर्ज है। धारा 452  के तहत लुधियाना के दुगरी पुलिस स्टेशन में, चोरी का लुधियाना के सदर पुलिस स्टेशन में, धारा 452 के तहत सरबल पुलिस स्टेशन में और मारपीट के तीन केस जिला अदालत में चल रहे हैं। इसके अलावा मोविश बैंस पर धारा 452 के तहत लुधियाना के स्लैम टावरी पुलिस स्टेशन में और सैक्टर-3 थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हो रखा है।


26 अक्तूबर को पकड़ा था पहला आरोपी 
सैक्टर-3 थाना प्रभारी शेर सिंह ने गोली चलाने के मामले में पहले आरोपी को 26 अक्तूबर को सैक्टर-3/4/9/10 के चौक पर गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान लुधियाना के गांव विजय नगर निवासी सुखदीप उर्फ सुखी के रूप में हुई थी। पुलिस टीम ने सुखी की निशानदेही पर फरार आरोपी सागर, मोशिन बैंस समेत अन्य युवकों की तलाश में पंजाब के अलग-अलग जगह छापेमारी की थी।

पैसे बरसाने को लेकर चली थी गोली
सैक्टर-9 सिथत एस.के. डिस्क क्लब में डांस करते हुए पैसे बरसाने को लेकर 11 अक्तूबर को दो गुटों में मारपीट के बाद गोली चली थी। गोली लगने से टिकटॉक स्टार जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी निवासी सौरभ गुज्जर घायल हो गया था।  हमलावर मोविश अपने चार साथी और दो महिला मित्र के साथ क्लब में आया था। उसने क्लब में करीब साढ़े दस बजे एंट्री की थी। इस दौरान मोविश अपने दोस्तों के साथ और सौरभ गुज्जर अपने दोस्तों के साथ डांस करने लगा था। डांस करते हुए पैसे फैंकने पर दोनों गुटों में मारपीट हो गई। मारपीट के बाद दोनों गुट बाहर आ गए। इसके बाद मोविश ने गोली चला दी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

ashwani

Recommended News

Related News