63 लाख के गहने चुराने वाले दो आरोपियों को मुंबई पुलिस ने कुराली से किया काबू

punjabkesari.in Friday, Jul 26, 2019 - 12:34 PM (IST)

कुराली(बठला ): मुंबई में मालिक के घर से 63 लाख रुपए के गहने लेकर फरार हुए दो लोगों को मुंबई पुलिस ने कुराली सब्जी मंडी में एक फक्टरी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरों से सोने-चांदी और डायमंड के गहनों के अलावा अन्य कीमती सामान भी बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार मुंबई निवासी डा. सुखदेव दुग्गल कुछ दिनों पहले अपने परिवार सहित अपने किसी रिश्तेदार के यहां विवाह समारोह में गए थे।

 वह अपना घर नौकर संजीव के हवाले कर गए थे। जब वह 10 जुलाई को घर वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि उनका नौकर घर के सेफ में रखे डायमंड, सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान लेकर रफूचक्कर हो चुका था। 

साथी के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
मुंबई जोन 9 के डी.सी.पी. गणेश शिंदे ने बताया कि इस मामले को अंजाम देने वालों को पकडऩे के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की थी। जांच के दौरान मालूम हुआ कि नौकर संजीव ने अपने एक साथी अनिल रामचंद्र के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस को सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देकर दोनों नॉर्थ इंडिया की तरफ भागे हैं। पता चला कि दोनों चोर चंडीगढ़ के नजदीकी शहर कुराली में एक फैक्टरी में हैं।

 मुंबई पुलिस ने मोहाली पुलिस की मदद से कुराली पुलिस के साथ संपर्क किया और सब्जी मंडी में स्थित एक मोमबत्तियों की फैक्टरी में वीरवार देर रात छापेमारी कर दोनों को काबू कर लिया। इस मौके पर एस.एस.पी. मोहाली कुलदीप सिंह चहल, डी.एस.पी. दीपकमल और सिटी थाना प्रमुख भगवंत सिंह ने लोगों से अपील की कि नौकर या किराएदार रखने से पहले पुलिस को सूचित करके उसकी पूरी वैरीफिकेशन करवाएं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

bhavita joshi

Recommended News

Related News