बिड़ला के इस्तीफे के बाद वोडाफोन आइडिया के शेयरों में भारी गिरावट

punjabkesari.in Thursday, Aug 05, 2021 - 01:45 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारी कर्ज में डूबी टेलिकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया का शेयर गुरुवार को बीएसई (BSE) पर कारोबार के दौरान 15 फीसदी की गिरावट के साथ 5.13 रुपए पर आ गया। यह इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर है। इसके साथ ही यह स्टॉक पिछले 3 दिन में 38 फीसदी गिर चुका है। यह स्टॉक मई 2020 के बाद अपने न्यूनतम स्तर पर ट्रेड कर रहा है। नवंबर 2019 में यह 2.61 रुपए के रिकॉर्ड न्यूनतम स्तर पर पहुंचा था। दोपहर 1.04 मिनट पर वोडाफोन आइडिया के शेयर 10.83 फीसदी नीचे 5.35 रुपए पर ट्रेड कर रहे थे।

इससे पहले बुधवार शाम को कुमार मंगलम बिड़ला ने कंपनी के डायरेक्टर का पद छोड़ने का ऐलान कर दिया। उनका यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया। इसी का असर 5 अगस्त को वोडाफोन आइडिया के शेयरों पर देखने को मिला। वोडाफोन आइडिया के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से ही गिरावट बढ़ गई थी। दो दिनों पहले ही बिड़ला ने कहा था कि वह वोडाफोन आइडिया में अपनी हिस्सेदारी सरकार को देना चाहते हैं। आइडिया का वोडाफोन में विलय करने का आइडिया बिड़ला का ही था। 2018 में विलय के बाद वोडाफोन आइडिया उस वक्त देश की सबसे बड़ी कंपनी बन गई थी।

वोडाफोन आइडिया में बिड़ला की जगह हिमांशु कपानिया लेंगे। बिड़ला ने कुछ दिनों पहले ही कैबिनेट सेक्रेटरी राजीव गौबा को लेटर लिखकर बताया था कि इनवेस्टर अब कंपनी में पैसा लगाना नहीं चाहते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि AGR के बकाया रकम पर उन्हें कुछ साफ-साफ पता नहीं चल पा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News