पूरी तरह खत्म हुआ Twitter का नाम, अब X ने किया ये बड़ा बदलाव
punjabkesari.in Friday, May 17, 2024 - 02:06 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः एलन मस्क ने ट्विटर का नाम और लोगो बदलने के बाद अब उसके डोमेन को भी बदलकर x.com कर दिया है। अब इसके वेबसाइट यूआरएल में twitter.com की जगह x.com लिखा नजर आ रहा है। उन्होंने X पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा,'सभी कोर सिस्टम अब x.com पर हैं।' 24 जुलाई 2023 को मस्क ने ट्विटर का नाम और लोगो बदलकर X किया था। बता दें कि एलन मस्क ने जबसे ट्विटर (x) को खरीदा है, तबसे कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।
प्राइवेसी और डेटा सेफ्टी सेटिंग्स वही
X के लॉगिन पेज के नीचे अब एक मैसेज भी दिखाई दे रहा है जिसमें लिखा है, 'हम आपको बता रहे हैं कि हम अपना URL बदल रहे हैं लेकिन आपकी प्राइवेसी और डेटा प्रोटेक्शन सेटिंग्स वही रहेंगी।'
27 अक्टूबर 2022 को मस्क ने खरीदा था ट्विटर (अब X)
एलन मस्क ने 27 अक्टूबर 2022 को माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर (अब X) खरीदा था। ये डील 44 बिलियन डॉलर में हुई थी। आज के हिसाब से ये रकम करीब 3.6 लाख करोड़ रुपए होती है। तब से लेकर अब तक प्लेटफॉर्म में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। मस्क X को 'एवरीथिंग ऐप' बनाना चाहते हैं।
1999 से मस्क का X से नाता
एलन मस्क का X से नाता साल 1999 से है। तब उन्होंने एक ऑनलाइन बैंकिंग कंपनी X.com बनाई थी। इसे बाद में एक अन्य कंपनी के साथ मर्ज कर दिया जो पेपाल बनी। साल 2017 में मस्क ने PayPal से यूआरएल "X.com" को फिर से खरीदा था।
उन्होंने कहा था कि इस डोमेन का उनके लिए "बहुत भावुक मूल्य है।" उनकी एक और कंपनी spacex में भी एक्स की झलक दिखती है। उनकी नई AI कंपनी का नाम भी XAI है। 2020 में, मस्क ने अपने एक बेटे का नाम X Æ A-12 मस्क रखा था। Æ का उच्चारण "ऐश" होता है।