अब तक एक करोड़ से अधिक श्रमिकों ने ई-श्रम पोर्टल पर कराया पंजीकरण, आप भी उठा सकते हैं लाभ
punjabkesari.in Monday, Sep 20, 2021 - 12:46 PM (IST)

नई दिल्लीः श्रम मंत्रालय ने रविवार को कहा कि असंगठित श्रमिकों के लिए बनाए गए ई-श्रम पोर्टल पर अबतक एक करोड़ से अधिक श्रमिक अपना पंजीकरण करा चुके है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ई-श्रम पोर्टल पर अबतक एक करोड़ से अधिक असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण हो चुका है और यह असंगठित श्रमिकों से जुड़ा देश का पहला राष्ट्रीय डेटाबेस है।
ई-श्रम पोर्टल पर प्रवासी कामगारों के पंजीकरण की सुविधा के लिए अभियान 26 अगस्त, 2021 को शुरू किया गया था जिसके बाद से बड़ी संख्या में श्रमिकों ने इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया गया है। बयान के अनुसार पोर्टल के शुरू किए जाने के 24 दिनों में एक करोड़ श्रमिकों ने इस पोर्टल पर पंजीकरण कराया है।
विभिन्न क्षेत्रों के असंगठित श्रमिकों का व्यापक डेटाबेस तैयार करने की दिशा में उठाया गया यह पहला कदम है। इसमें निर्माण, परिधान विनिर्माण, मछली पकड़ना, फुटकर विक्रेय, घरेलू काम, कृषि और संबद्ध वर्ग, परिवहन क्षेत्र आदि के असंगठित श्रमिक शामिल हैं। आर्थिक सर्वेक्षण 2019-20 के अनुसार, देश में अनुमानित रूप से 38 करोड़ असंगठित श्रमिक हैं, जिन्हें इस पोर्टल पर पंजीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है।
क्या है ई-श्रम पोर्टल?
मालूम हो कि ई-श्रम पोर्टल मजदूरों का डाटाबेस है। इसकी मदद से सरकार सोशल सिक्योरिटी स्कीमों को उनके दरवाजे पर तक पहुंचाएगी। इस वेबसाइट के जरिए श्रमिक अपना कार्ड बनवा सकते हैं और जिन लोगों का कार्ड बनेगा उन्हें सरकार की ओर से कई सुविधाएं दी जाएंगी।
कौन करा सकता है रजिस्ट्रेशन?
सरकार का लक्ष्य अपनी सोशल सिक्योरिटी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी के लिए अनऑर्गनाइज्ड सेक्टर के 38 करोड़ वर्करों का नेशनल डाटाबेस यानी ई-श्रम पोर्टल लॉन्च किया गया है। इस डाटाबेस में मजदूर, प्रवासी मजदूर, रेहड़ी-पटरी वाले, घरेलू कामगार, कंस्ट्रक्शन वर्कर, गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर, खेतीहर मजदूर और असंगठित क्षेत्र के दूसरे वर्कर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।