5 Reasons Gold Price Hike: नए रिकॉर्ड पर पहुंचा 10 ग्राम गोल्ड का भाव, जानिए आगे कैसी रहेगी कीमतों की चाल

punjabkesari.in Saturday, Mar 15, 2025 - 12:25 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है, जिससे दोनों धातुओं ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। MCX पर सोना 88,310 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह 3,004.90 डॉलर प्रति औंस तक चढ़ गया। इसी तेजी के साथ चांदी भी उछलकर MCX पर 1,01,999 रुपए प्रति किलो के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।

सर्राफा बाजार में सोने की कीमत नए रिकॉर्ड स्तर पर

वहीं बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 600 रुपए की तेजी के साथ 89,450 रुपए प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्चस्तर पर जा पहुंची। स्थानीय कारोबारियों ने यह जानकारी दी है। बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 88,850 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 600 रुपए बढ़कर 89,050 रुपए प्रति 10 ग्राम के उच्चस्तर पर फिर से जा पहुंचा। पहले यह 88,450 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 

चांदी की कीमत भी 1,000 रुपए की तेजी के साथ करीब पांच माह के उच्च स्तर 1,01,200 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,00,200 रुपए प्रति किलोग्राम बंद हुई थी।

सोने-चांदी की कीमतों में तेज़ी के 5 बड़े कारण

वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता: अमेरिकी टैरिफ पॉलिसी में उतार-चढ़ाव से वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है, जिससे सोने की सुरक्षित निवेश के रूप में मांग बढ़ रही है।

फेडरल रिजर्व की ब्याज दर कटौती की उम्मीद: हालिया CPI और PPI डेटा ने बाजार की उम्मीदों को मात दी है, जिससे जून में फेड द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना बढ़ गई है, जो सोने की कीमतों को सपोर्ट कर रही है।

डॉलर में कमजोरी: डॉलर इंडेक्स में इस साल 4% से अधिक की गिरावट आई है, जिससे सोना निवेशकों के लिए ज्यादा आकर्षक विकल्प बन गया है।

सेंट्रल बैंकों की बढ़ती खरीदारी: पिछले तीन वर्षों में वैश्विक सेंट्रल बैंकों ने हर साल 1000 टन से अधिक सोने की खरीदारी की है, जिससे सोने की कीमतों में मजबूती बनी हुई है।

इक्विटी से सोने की ओर शिफ्ट: वैश्विक व्यापार नीतियों में अनिश्चितता के चलते निवेशकों का झुकाव इक्विटी बाजार से हटकर सोने की ओर बढ़ा है, जिससे इसकी कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है।

आगे कैसी रहेगी कीमतों की चाल

आने वाले दिनों में सोने की कीमतें ऊपर जाएंगी या गिरेंगी, यह बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक ऑफ जापान की नीति बैठकों और अमेरिकी रिटेल सेल्स डेटा पर निर्भर करेगा। इसके अलावा, वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाएं भी कीमतों को प्रभावित कर सकती हैं। रूस-यूक्रेन संघर्ष में कोई नया मोड़ या वैश्विक टैरिफ वॉर में बदलाव सोने की कीमतों में और बढ़ोतरी कर सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News