Tata Motors के निवेशकों को नहीं भाई 4.5 अरब डॉलर डील की खबर, शेयर लुढ़का
punjabkesari.in Wednesday, Jul 30, 2025 - 12:10 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः टाटा ग्रुप की ऑटो कंपनी टाटा मोटर्स यूरोप की जानी-मानी ट्रक निर्माता कंपनी Iveco को करीब 4.5 अरब डॉलर (लगभग ₹37,000 करोड़) में खरीदने की तैयारी में है। यह सौदा टाटा ग्रुप का अब तक का दूसरा सबसे बड़ा अधिग्रहण होगा। इससे पहले 2007 में टाटा स्टील ने कोरस ग्रुप को 12 अरब डॉलर में खरीदा था। इस डील की खबर ने टाटा मोटर्स के निवेशकों को आज बुरा फील कराया है। कंपनी के शेयर करीब पौने चार फीसदी टूट गए हैं। टाटा मोटर्स के शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई से 45 पर्सेंट से ज्यादा टूट गए हैं जबकि, मार्केट हरे निशान पर है और सेंसेक्स-निफ्टी में बढ़त है।
बोर्ड मीटिंग आज, घोषणा संभव
सूत्रों के मुताबिक, टाटा मोटर्स और Iveco के बोर्ड बुधवार को इस प्रस्ताव पर मुहर लगा सकते हैं। इसके बाद सौदे की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। टाटा मोटर्स, इटली के ट्यूरिन स्थित Iveco में फिलहाल Exor की 27.1% हिस्सेदारी खरीदेगी। Exor, इटली की प्रतिष्ठित Agnelli फैमिली की निवेश कंपनी है, जिसके पास Iveco में 43.1% वोटिंग राइट्स भी हैं।
बढ़ेगा टाटा मोटर्स का वैश्विक दबदबा
यह डील टाटा मोटर्स के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है। 2008 में कंपनी ने जगुआर-लैंड रोवर (JLR) को 2.3 अरब डॉलर में खरीदा था, लेकिन Iveco अधिग्रहण उससे भी बड़ा होगा। इस सौदे के बाद टाटा मोटर्स का वाणिज्यिक वाहन (CV) कारोबार तीन गुना तक बढ़ सकता है — अनुमान है कि इसका रेवेन्यू 75,000 करोड़ रुपए से बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो जाएगा।
डील से बाहर रहेगा रक्षा कारोबार
Iveco इस अधिग्रहण से पहले अपने डिफेंस डिवीजन को अलग कर रही है, जो इस डील का हिस्सा नहीं होगा। इटली सरकार के लिए Iveco का डिफेंस बिजनेस संवेदनशील है, इसलिए इसे रणनीतिक रूप से बाहर रखा गया है।
Agnelli फैमिली से पुराने रिश्ते
टाटा ग्रुप और Agnelli परिवार का रिश्ता नया नहीं है। टाटा का पहले फिएट इंडिया के साथ जॉइंट वेंचर था। Agnellis के पास फेरारी और Stellantis (जिसमें Fiat, Peugeot, Citroën आदि शामिल हैं) में भी नियंत्रणकारी हिस्सेदारी है।