Closing bell: शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 573 अंक टूटा, निफ्टी 24800 के नीचे बंद
punjabkesari.in Friday, Jun 13, 2025 - 03:33 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः 13 जून को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 573 अंक की गिरावट के साथ 81,118 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 169 अंकों की गिरावट के साथ 24,718 के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से सभी में गिरावट रही। बैंकिंग, ऑयल एंड गैस, ऑटो और IT शेयर ज्यादा गिरे। एयर इंडिया के विमान के क्रैश होने के बाद एयरलाइन कंपनियों के शेयर भी टूटे हैं। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का शेयर 4% नीचे रहे।
शेयर बाजार में गिरावट की वजह
- इजराइल की ओर से ईरान पर एयरस्ट्राइक किए जाने की खबर के बाद ग्लोबल मार्केट में तनाव बढ़ गया, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा। मार्केट पर ग्लोबल जियोपॉलिटिकल टेंशन का सीधा असर साफ नजर आ रहा है।
- इजराइल के ईरान की राजधानी पर हमला करने के बाद ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में तेज उछाल के बीच कमजोर एशियाई बाजारों ने भी भारतीय बाजार को प्रभावित किया।
एशियाई बाजारों में भी गिरावट
- एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 338 अंक (0.89%) गिरकर 37,834 पर और कोरिया का कोस्पी 0.87% नीचे 2,894 पर बंद हुआ।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 142 अंक (0.59%) गिरकर 23,892 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं चीन का शंघाई कंपोजिट अंक 25 (0.75%) गिरकर 3,377 पर क्लोज हुआ।
- 12 जून को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.24% चढ़कर 42,967 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डेक कंपोजिट 0.24% चढ़कर 19,662 पर और S&P 500 0.38% अंक की तेजी के बंद हुआ।
कल 823 अंक गिरा था बाजार
शेयर बाजार में 12 जून को गिरावट रही। सेंसेक्स 823 अंक (1%) की गिरावट के साथ 81,691 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 253 अंक (1.01%) की गिरावट रही, ये 24,888 पर बंद हुआ।