Closing Bell: शेयर बाजार धराशायी, सेंसेक्स 1769 अंक टूटकर 82,497 पर बंद

punjabkesari.in Thursday, Oct 03, 2024 - 03:38 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः शेयर बाजार में आज यानी 3 अक्टूबर को बड़ी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1769 अंक टूटकर 82,497 जबकि निफ्टी में भी 546 अंक की गिरावट रही, ये 25,250 के स्तर पर बंद हुआ।

  • 12:50 बजे सेंसेक्स 1380 अंक गिरकर 82,886 जबकि निफ्टी 419 अंक टूट कर 25,377 पर कर रहा कारोबार
  • 13:38 बजे सेंसेक्स 1633 अंक टूटकर 82,633 और निफ्टी 507 अंक गिरकर 25,289 

आज ऑटो, एनर्जी और बैंकिंग शेयर्स में ज्यादा गिरावट देखने को मिल रही है। टाटा मोटर्स, मारुति, कोटक बैंक और एक्सिस बैंक में 2% से ज्यादा की गिरावट है। इस हफ्ते अब तक बाजार में करीब 2,500 अंक की गिरावट देखने को मिल चुकी है।

बाजार में गिरावट के 3 कारण

  • ईरान और इजराइल के बीच युद्ध की आशंका के कारण ग्लोबल मार्केट में निगेटिव सेंटिमेंट है। इसी का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला है।
  • भारतीय शेयर बाजार के मौजूदा वैल्यूएशन बढ़े हुए हैं। खासकर मिड और स्मॉल-कैप सेगमेंट में। बाजार में इस कारण अच्छा-खासा करेक्शन दिख सकता है।
  • अमेरिका में मंदी की आशंका बढ़ गई है, जिसके कारण पिछले कारोबारी दिन अमेरिकी बाजार में गिरावट रही। इसका असर दुनियाभर के बाजारों में दिख रहा है।

एशियाई बाजार में मिला-जुला कारोबार

  • एशियाई बाजार में जापान के निक्‍केई में 2.24% की तेजी है। वहीं हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 2.43% और कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में 1.22% की गिरावट है।
  • 2 अक्टूबर को अमेरिका का डाओ जोंस 0.09% चढ़कर 42,196 पर और नैस्डैक 0.08% चढ़कर 17,925 पर बंद हुआ। S&P 500 भी 0.01% बढ़कर 5,709 पर बंद हुआ।
  • NSE के डेटा के अनुसार, विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 1 अक्टूबर को 5,579 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 4,60 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

मंगलवार को बाजार में रही थी गिरावट

इससे पहले मंगलवार यानी 1 अक्टूबर को सेंसेक्स 33 अंक की गिरावट के साथ 84,266 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 15 अंक की गिरावट रही, ये 25,796 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर बाजार बंद था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News