सर्राफा बाजार में उलटफेर: लगातार तीसरे दिन टूटा सोने का भाव, चांदी में 1,800 रुपए का उछाल
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 10:51 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 1,800 रुपए बढ़कर 2.40 लाख रुपए प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि सोने का भाव 650 रुपए टूटकर 1.52 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम रहा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। चांदी की कीमत 1,800 रुपए यानी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर, 2,40,500 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। बृहस्पतिवार को यह 2,38,700 रुपए प्रति किलोग्राम थी। हालांकि, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने में लगातार तीसरे दिन गिरावट जारी रही। यह 650 रुपए यानी 0.42 प्रतिशत टूटकर 1,52,650 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रहा। पिछले सत्र में सोना 1,53,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
विश्लेषकों ने कहा कि व्यापक आर्थिक अनिश्चितताओं और डॉलर के पक्ष में वैश्विक संकेतों के कारण सोने की कीमतें दबाव में बनी हुई हैं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ''कीमती धातुओं के समूह को अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच जारी संघर्ष से लगातार कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण पूंजी सुरक्षित निवेश माने जाने वाले डॉलर और कच्चे तेल की ओर चली गई है।''
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर चांदी लगभग एक प्रतिशत टूटकर 72.18 डॉलर प्रति औंस पर रही, जबकि सोना 0.27 प्रतिशत बढ़कर 4,663.54 डॉलर प्रति औंस पर रहा। लेमन मार्केट्स डेस्क के अनुसंधान विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा कि हाल की बिकवाली और निवेशकों की नए सिरे से दिलचस्पी के बीच सोने की कीमतों में थोड़ा सुधार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि मजबूत डॉलर के कारण चांदी पर गिरावट का दबाव बना हुआ है।
