दो सप्ताह बाद सैंसेक्स 27 हजारी

punjabkesari.in Thursday, Jun 23, 2016 - 05:00 PM (IST)

मुंबईः ब्रिटेन के यूरोपीय संघ में शामिल रहने के अनुमान से उत्साहित निवेशकों की मजबूत लिवाली की बदौलत आज सैंसेक्स 236.57 अंक की छलांग लगाकर 2 सप्ताह बाद 27 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 27,002.22 अंक पर बंद हुआ। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एन.एस.ई.) का निफ्टी भी 66.75 अंक अर्थात 0.81 फीसदी उछलकर 8,270.45 अंक पर रहा। 

 

ब्रिटेन के यूरोपीय संघ में शामिल रहने या नहीं रहने पर आज हो रहे जनमत संग्रह से पूर्व कराए गए 2 सर्वेक्षण में ब्रिटेन के संघ में शामिल रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। इससे यूरोपीय अर्थव्यवस्था के मंदी में फंसने की आशंका घटने से निवेश धारणा में मजबूती देखी गई। हालांकि, जनमत के दौरान पक्ष एवं विपक्ष दोनों खेमों के बीच कांटे की टक्कर रहने का भी अनुमान है। 

 

शुरूआती कारोबार में सैंसेक्स 12.45 अंक फिसलकर 26,753.20 अंक पर खुला और कुछ देर बाद ही 26,736.52 अंक के न्यूनतम स्तर पर आ गया। अचानक हुई लिवाली के बल पर बीच सत्र बाद यह 27,060.98 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अंत में यह पिछले दिवस के 26,765.65 अंक की तुलना में 236.57 अंक उछलकर 08 जून के बाद 27 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 27,002.22 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 8,201.15 अंक पर लगभग सपाट खुला। बिकवाली के दबाव में थोड़ी देर बाद 8,188.30 अंक के न्यूनतम स्तर पर आ गया। लिवाली होने से दोपहर बाद यह 8,285.60 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। 

 

अंत में पिछले दिवस के 8,203.70 अंक के मुकाबले 66.75 अंक मजबूत होकर 8,270.45 अंक पर रहा। बी.एस.ई. का मिडकैप 0.27 फीसदी ऊपर 11,436.17 अंक पर पहुंच गया जबकि स्मॉलकैप 0.04 फीसदी गिरकर 11,446.17 अंक पर रहा। ब्रिटेन के यूरोपीय संघ में शामिल रहने के अनुमान से जगुआर लैंड रोवर के संभावित नुकसान से बचने की उम्मीद में उसकी मूल कम्पनी टाटा समूह के शेयरों में सर्वाधिक 3.28 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इससे भी बाजार को समर्थन मिला। इस दौरान बी.एस.ई. में कुल 2,775 कम्पनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,102 में तेजी और 1,490 में गिरावट रही जबकि 183 में कोई बदलाव नहीं हुआ। 

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News