Rupee vs Dollar: रुपए में लगातार चौथे दिन मजबूती, डॉलर के मुकाबले आज 95.77 पर पहुंचा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 11:22 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में लगातार चौथे सत्र में मजबूत रुख के साथ पांच पैसे चढ़कर 95.77 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के कारण भी स्थानीय मुद्रा को समर्थन मिला। 

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.70 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.77 पर आ गया जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया मंगलवार को 17 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.82 पर बंद हुआ था। इससे पहले लगातार दो कारोबारी सत्रों में इसमें कुल 74 पैसे की मजबूती आई थी। 

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.14 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 682.57 अंक यानी 0.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,448.49 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 186.85 अंक यानी 0.78 प्रतिशत चढ़कर 24,172.20 अंक पर रहा। 

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 87.68 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को 755.33 करोड़ रुपए के शेयर की शुद्ध खरीदारी की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News