विदेशी मुद्रा भंडार 4.92 अरब डॉलर घटकर 780.78 अरब डॉलर पर
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 10:38 AM (IST)
मुंबईः देश का विदेशी मुद्रा भंडार 11 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 4.94 अरब डॉलर घटकर 780.78 अरब डॉलर पर रहा। इस गिरावट का कारण विदेशी मुद्रा और स्वर्ण आरक्षित भंडार में आई कमी है। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड 44.90 अरब डॉलर बढ़कर 785.71 अरब डॉलर के अबतक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 11 सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 2.37 अरब डॉलर घटकर 645.79 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर के संदर्भ में बताई जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की कीमत में होने वाली बढ़ोतरी या गिरावट का असर भी शामिल होता है।
रिजर्व बैंक ने कहा कि सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.59 अरब डॉलर घटकर 111.22 अरब डॉलर रहा। वहीं, विशेष आहरण अधिकार (SDR) 3.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.845 अरब डॉलर रहा। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह के अंत में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत की आरक्षित स्थिति 4.916 अरब डॉलर रही।
