Rupee Strong: डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ रुपया, आज 18 पैसे की बढ़त
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 11:02 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 18 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.18 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में मामूली नरमी, भू-राजनीतिक तनाव में कमी के शुरुआती संकेतों और केंद्रीय बैंक के सक्रिय हस्तक्षेप से घरेलू मुद्रा को थोड़ा समर्थन मिला है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.30 पर खुला और शुरुआती कारोबार में 96.18 तक पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 18 पैसे अधिक था। रुपया बृहस्पतिवार को 50 पैसे की बढ़त के साथ 96.36 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 99.24 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 332.39 अंक चढ़कर 75,507.09 अंक पर जबकि निफ्टी 84.60 अंक की बढ़त के साथ 23,747.40 अंक पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 104.21 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,891.21 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
