रुपया शुरुआती कारोबार में नौ पैसे चढ़कर 94.80 प्रति डॉलर पर

punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2026 - 10:27 AM (IST)

मुंबईः रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में नौ पैसे मजबूत होकर 94.80 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के विदेशी मुद्रा बाजार में संरचनात्मक हस्तक्षेपों से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपए में सात महीने की सबसे तेज वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में तेजी रुपए के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन सकती है

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.90 प्रति डॉलर पर खुला। फिर मजबूत होकर 94.80 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले नौ पैसे की बढ़त है। रुपया शुक्रवार को 10 पैसे मजबूत होकर 94.89 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 101.83 पर रहा। 

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 470.50 अंक टूटकर 74,318 अंक पर जबकि निफ्टी 147.10 अंक फिसलकर 22,999.05 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.88 प्रतिशत घटकर 107.79 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। हालांकि अब भी यह काफी ऊंचे स्तर पर है। 

होर्मुज जलडमरूमध्य के पास वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों, तेल आपूर्ति में व्यवधान और सऊदी अरब के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की धमकियों से लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने की आशंकाएं फिर बढ़ गई हैं। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 1,165.92 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News