Reliance AGM 2022: दिवाली से शुरू होगी जियो की 5G सर्विस, दिसंबर 2023 तक देश के हर हिस्से में सर्विस
punjabkesari.in Monday, Aug 29, 2022 - 04:37 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की सलाना आम बैठक शुरू हो गई है। कंपनी की इस 45वीं एजीएम को रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे हैं। इस बैठक पर निवेशकों समेत कॉरपोरेट जगत और शेयर बाजार की नजरें टिकी हुई हैं। अंबानी ने कहा कि दुनिया महामारी के असर से बाहर निकली लेकिन भू राजनैतिक संकटों से अनिश्चितता बढ़ी है। अंबानी ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम मोदी का लक्ष्य है कि भारत 2047 तक विकसित देशों में शामिल होगा और रिलायंस इंडस्ट्री इस लक्ष्य को पाने में पूरी मदद करेगा।
अंबानी ने बताया कि रिलायंस इंडस्ट्री ने सभी क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के बहुत से हिस्सों में भारी आर्थिक संकट है। ज्यादा महंगाई और सप्लाई में रूकावटों ने वैश्विक मंदी के लिए चुनौती पैदा की है। इवेंट के दौरान मुकेश अंबानी ने बताया कि जियो के आज ग्राहकों की संख्या 42.1 करोड़ से अधिक हो गई है। उन्होंने आगे बताया कि जियो के ग्राहक हर महीने औसतन 20 जीबी डाटा का इस्तेमाल कर रहे हैं जो कि पिछले साल के मुकाबले दोगुना है। अंबानी ने कहा कि रिलायंस भारत के विकास में ज्यादा बड़ा योगदान देगा।
मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस नई नौकरी पैदा करने में नया रिकॉर्ड बनाएगा। उन्होंने बताया कि अलग-अलग कारोबारों में कंपनी ने 2.32 लाख नौकरियां पैदा की हैं। रिलायंस रिटेल अब भारत में सबसे बड़े एंप्लॉयर्स में से एक है। अंबानी ने कहा कि जियो 5जी दुनिया का सबसे तेज और सबसे बड़ा नेटवर्क होगा। उन्होंने कहा कि फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में देश दुनिया के टॉप 10 देशों में शामिल होगा। अंबानी ने संबोधन में कहा कि 5G का इस्तेमाल करते हुए कहा कि वे 5G का इस्तेमाल करते हुए, टॉप क्वालिटी, ज्यादा किफायती फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सेवाओं को शुरू करने में तेजी लाएंगे।
अपडेट्स:
- मुकेश अंबानी ने कहा, हमारा नया ऊर्जा कारोबार भारत को हरित ऊर्जा का शुद्ध निर्यातक बनने में मदद करेगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि रिलायंस भारत को नई ऊर्जा निर्माण में विश्व में अग्रणी और चीन का एक विश्वसनीय विकल्प बनाना चाहता है।
- मुकेश अंबानी ने कहा कि KG-D6 भारत के घरेलू गैस के उत्पादन में 20 फीसदी योगदान दे रही है। 2022 के आखिर तक यह बढ़कर कुल गैस उत्पादन के 30 फीसदी तक पहुंच जाएगा। अंबानी ने कहा कि इससे भारत की देश में बढ़ती डिमांड को पूरा करने में मदद मिलेगी, जिससे करीब 9 अरब डॉलर सालाना की सेवाओं का आयात किया जाएगा।
- मुकेश अंबानी ने अपने संबोधन में कहा कि ऑयल टू कैमिकल सेक्टर में अगले 5 साल में 75,000 करोड़ रुपए के निवेश की योजना है।
- आकाश अंबानी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में 5G की शुरुआत होने के साथ, मौजूदा 800 मिलियन कनेक्टेड इंटरनेट डिवाइस केवल एक साल में दोगुना बढ़कर 1.5 बिलियन इंटरनेट डिवाइसेज पर पहुंच जाएंगे।
- मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस रिटेल ने 2 लाख करोड़ रुपए का रिकॉर्ड टर्नओवर हासिल किया है। उन्होंने कहा कि आज रिलायंस रिटेल एशिया में टॉप-10 रिटेलर्स की सूची में शामिल है।
- ईशा अंबानी ने कहा कि देश के कारीगरों और शिल्पकारों के लिए खास योजना लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस साल नया एफएमसीजी कारोबार लॉन्च करने की योजना है।
- ईशा अंबानी ने कहा कि एक साल में रिलायंस रिटेल के हर दिन के ऑर्डर 2.5 गुना बढ़े हैं।
- ईशा अंबानी ने अपने संबोधन में कहा कि व्हाट्सऐप के जरिए रिलायंस रिटेल से शॉपिंग की सेवा उपलब्ध होगी।
- मुकेश अंबानी ने शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे फिल्म राइट्स और ओटीटी में निवेश बढ़ाना जारी रखेंगे।
- दिवाली तक हम दिल्ली-मुंबई समेत कई प्रमुख शहरों में Jio 5G लॉन्च करेंगे। दिसंबर 23 तक हम भारत के हर शहर में 5G पहुंचाएंगे: मुकेश अंबानी
- पीएम के डिजिटल इंडिया विजन को आगे बढ़ा रहे हैं- मुकेश अंबानी
- जियो देश का नंबर एक डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर- मुकेश अंबानी
- हर तीन में से दो घरों में हो रहा जियो फाइबर का इस्तेमालः अंबानी
- हमने स्वदेशी रूप से एंड-टू-एंड 5G स्टैक विकसित किया है जो क्वांटम सुरक्षा जैसी उन्नत सुविधाओं से लैस होगी। इसे हमारे 2,000 से अधिक युवा जियो इंजीनियरों ने इन-हाउस विकसित किया है: मुकेश अंबानी
- मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो की क्वालकॉम के साथ पार्टनरशिप हुई है। इसके तहत कई नए एप्लीकेशन में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्वालकॉम के साथ क्लाउड डेटा इंफ्रा विकसित करने की योजना है।
- रिलायंस ने 2.32 लाख नौकरियां दी
- 2 लाख करोड़ रुपए का निवेश 5G के लिए किया
- मुंबई में जल्द जियो एक्सपीरियंस सेंटर खोले जाएंगे
- माइक्रोसॉफ्ट, मेटा और इंटल के साथ पार्टनरशिप
- सस्ते 5G फोन के लिए गूगल के साथ काम जारी
- जियो के पास स्पेक्ट्रम के सभी बैंड मौजूद
रिलायंस का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 47% बढ़ा
मुकेश अंबानी ने कहा, “हमारी कंपनी सालाना राजस्व में 100 अरब डॉलर को पार करने वाली भारत की पहली कॉर्पोरेट बन गई। रिलायंस का समेकित राजस्व 47% बढ़कर 7.93 लाख करोड़ रुपए या 104.6 अरब डॉलर हो गया। रिलायंस का वार्षिक समेकित EBITDA 1.25 लाख करोड़ के महत्वपूर्ण मील के पत्थर को पार कर गया।”