देश में चाय का रिकॉर्ड उत्पादन

punjabkesari.in Tuesday, May 08, 2018 - 04:33 PM (IST)

कोलकाताः देश में वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान चाय का उत्पादन छह फीसदी की बढ़त के साथ रिकॉर्ड एक अरब 32 करोड़ 50 किलोग्राम पर पहुंच गया। इस अवधि में चाय निर्यात भी रिकार्ड स्तर पर पहुंचा। भारतीय टी बोर्ड ने आज बताया कि वित्त वर्ष 2016-17 की तुलना में चाय के उत्पादन में गत वर्ष 5.96 फीसदी यानी सात करोड़ 46 लाख किलोग्राम की बढ़त दर्ज की गई।

इस अवधि में देश से कुल 25 करोड़ 65 लाख किलो चाय का निर्यात किया गया और इससे 78 करोड़ 59 लाख डॉलर की राशि प्राप्त हुई जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 14 फीसदी कम रहा था। वित्त वर्ष 2016-17 की तुलना में गत वित्त वर्ष निर्यात में 12.71 फीसदी यानी दो करोड़ 89 लाख किलो की बढ़त रही। भारतीय मुद्रा में निर्यात का कुल मूल्य वित्त वर्ष 2017-18 के दौरान 5,064.88 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 432.38 करोड़ रुपए अधिक है।

बोर्ड के मुताबिक आलोच्य वित्त वर्ष में मिस्र में चाय के निर्यात में 75 लाख किलो, ईरान में 69 लाख किलो, पाकिस्तान में 49 लाख किलो,चीन में 29 लाख किलो और रूस में 29 लाख किलो की वृद्धि हुई है। उल्लेखनीय है कि चाय निर्यात का इससे पहला रिकॉर्ड वित्त वर्ष 1976-77 का था जब 24 करोड़ 24 लाख किलो चाय का निर्यात किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Supreet Kaur

Recommended News

Related News