RBI बच्चों की पढ़ाई के लिए ला सकता है खास सेविंग्स स्कीम, मिल सकता है ज्यादा ब्याज

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 10:40 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः देश में लगातार बढ़ती महंगाई और शिक्षा की बढ़ती लागत के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बच्चों की पढ़ाई के लिए एक खास बचत योजना शुरू करने पर विचार कर रहा है। इस प्रस्तावित योजना के तहत बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों के लिए खोले जाने वाले खातों पर सामान्य बचत खातों की तुलना में अधिक ब्याज दिया जा सकता है, ताकि परिवार समय रहते बेहतर शिक्षा फंड तैयार कर सकें।

सूत्रों के मुताबिक, RBI ने इस प्रस्ताव पर बैंकों से सुझाव और राय मांगी है। बैंकिंग उद्योग अब इस विषय पर आपसी चर्चा कर अपनी सिफारिशें केंद्रीय बैंक को सौंपेगा।

एक सरकारी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि RBI ने इस संबंध में सुझाव साझा करते हुए बैंकों से व्यावहारिक पहलुओं पर प्रतिक्रिया मांगी है। बैंक निजी क्षेत्र के बैंकों के साथ मिलकर इस प्रस्ताव का अध्ययन कर रहे हैं और जल्द अपनी रिपोर्ट देंगे।

एक अन्य बैंक अधिकारी के अनुसार, यदि इस तरह का विशेष बचत उत्पाद लागू किया जाता है तो इसके लिए नए नियामकीय प्रावधानों की आवश्यकता होगी। उनका कहना है कि किसी विशेष उद्देश्य के लिए सामान्य खातों से अधिक ब्याज देने की अनुमति देने वाले नियम केवल RBI ही बना सकता है।

फिलहाल RBI ने ऐसी किसी योजना की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अभी यह प्रस्ताव विचार-विमर्श और बैंकिंग उद्योग से सुझाव लेने के चरण में है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News