भारत में प्रॉपर्टी खरीदना चीन, नेपाल व पाकिस्तान से भी मुश्किल
punjabkesari.in Tuesday, Mar 22, 2016 - 02:09 PM (IST)

वाशिंगटन: प्रॉपर्टी पंजीकरण की विश्व बैंक द्वारा जारी रैंकिंग में भारत को 138वें स्थान पर रखा गया है जबकि पड़ोसी देश चीन, नेपाल और पाकिस्तान उससे आगे हैं। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार देश में प्रॉपर्टी के पंजीकरण में औसतन 47 दिन का समय लगता है और इसके लिए 7 चरणों की प्रक्रिया है।
इसके अलावा देश में प्रॉपर्टी खरीदने पर पंजीकरण करवाने में औसतन इसकी कीमत का 7.5 प्रतिशत खर्च आता है। मुम्बई में यह खर्च 7 और दिल्ली में 8 प्रतिशत है। भारत का भूमि प्रशासन सूचकांक 7 है। मुम्बई का भूमि प्रशासन सूचकांक 7.5 तथा दिल्ली का 6.5 है।
न्यूजीलैंड पहले स्थान पर
कुल 189 देशों की सूची में पड़ोसी देश चीन को 43वें, नेपाल को 72वें तथा पाकिस्तान को 137वें स्थान पर रखा गया है। रैंकिंग में न्यूजीलैंड पहले स्थान पर है। यहां प्रॉपर्टी खरीदने में एक दिन का समय लगता तथा प्रक्रिया महज 2 चरणों की है। यहां पंजीकरण की औसत लागत प्रॉपर्टी की कीमत का 0.1 प्रतिशत है। दूसरे स्थान पर लिथुआना और तीसरे स्थान पर जॉर्जिया है।
अमरीका 34वें स्थान पर है। यहां पंजीकरण में डेढ़ दिन लगता हैं और प्रक्रिया 2 चरणों की है। मूल्य का 2.4 प्रतिशत पंजीकरण लागत आती है। रूस 8वें, ब्रिटेन 45वें, डेनमार्क 9वें तथा संयुक्त अरब अमीरात 10वें स्थान पर है।