दस साल में बागवानी फसलों का उत्पादन 44% बढ़ा

punjabkesari.in Sunday, May 06, 2018 - 02:54 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत आम, केला,चीकू, अनार और आंवला के उत्पादन में विश्व में पहले स्थान पर बना हुआ है और पिछले 10 साल के दौरान यहां बागवानी फसलों का उत्पादन भी 44.5 प्रतिशत बढा है। वर्तमान में करीब ढाई करोड़ हेक्टेयर में बागवानी फसलों की खेती की जाती है और इसका उत्पादन लगभग 30 करोड़ 54 लाख टन है जो खाद्यान्न से अधिक है। वर्ष 2007-08 के दौरान करीब 2.02 करोड़ हेक्टेयर भूमि में बागवानी फसलों को लगाया गया था और उत्पादन करीब 21 करोड़ दस लाख टन रहा था। इस अवधि के दौरान बागवानी फसलों की उत्पादकता 17.7 प्रतिशत बढी।

बागवानी फसलों में फलों के अलावा सब्जियां, फूल, सुगंधित एवं औषधी उत्पाद, मसाले आदि शामिल हैं। कृषि मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार वर्ष 2007-08 से 2016-17 के दौरान फलों की खेती के क्षेत्र में 9.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि उत्पादन करीब 44.6 प्रतिशत बढा। भारत विश्व में फलों का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है। यह आम, केला, चीकू, अनार और आंवला के उत्पादन में पहले स्थान पर है।

वर्ष 2017-18 के दौरान एक करोड़ हेक्टेयर से कुछ अधिक क्षेत्र में सब्जियों की खेती किए जाने और करीब 18 करोड़ टन से अधिक इसकी पैदावार का अनुमान है। भारत विश्व में चीन के बाद सबसे बड़ा सब्जियों का उत्पादक है। यह मटर और भिंडी का विश्व में सबसे बड़ा उत्पादक देश है जबकि बैंगन, बंदगोभी, फूलगोभी और प्याज के उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। आलू और टमाटर के उत्पादन में यह विश्व में तीसरे स्थान पर है। 

देश में वर्ष 2007-08 के दौरान प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 158 ग्राम फल उपलब्ध था, जो 2016-17 में बढकर 201 ग्राम पहुंच गया। इसी प्रकार 2007-08 के दौरान प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 309 ग्राम सब्जी उपलब्ध थी, जो 2016-17 में बढकर 385 ग्राम हो गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News