Onion Price: चीनी के बाद प्याज की कीमतों में उछाल, अचानक इतने बढ़ गए दाम
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 03:27 PM (IST)
Onion Price Hike: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। चीनी के बाद अब प्याज की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिल रहा है। देश के कई हिस्सों में खुदरा बाजार में प्याज के दाम तेजी से बढ़े हैं और कुछ बड़े शहरों में इसकी कीमत 50 से 60 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।
एक महीने में करीब 17% महंगा हुआ प्याज
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 21 अगस्त को प्याज की औसत खुदरा कीमत करीब 40.79 रुपए प्रति किलो रही। एक महीने पहले 21 जुलाई को यही कीमत 34.87 रुपए प्रति किलो थी यानी एक महीने में प्याज लगभग 17% महंगा हुआ है।
एक साल पहले की तुलना करें तो 21 अगस्त 2025 को औसत खुदरा कीमत करीब 28.72 रुपए प्रति किलो थी। इस हिसाब से सालाना आधार पर प्याज की कीमत में 42% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।
इन शहरों में 50-60 रुपए किलो तक भाव
प्याज की कीमतों में तेजी का असर बड़े शहरों में ज्यादा दिखाई दे रहा है। दिल्ली-NCR में प्याज करीब 50-55 रुपए, मुंबई में 52-58 रुपए और कोलकाता में 55-60 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है।
चेन्नई में भाव करीब 48-54 रुपए, बेंगलुरु में 45-52 रुपए और पटना में 48-55 रुपए प्रति किलो के आसपास बताए जा रहे हैं।
भुवनेश्वर में भी प्याज की कीमतों में अचानक उछाल देखने को मिला है। यहां कुछ दिनों पहले 25-30 रुपए किलो बिक रहा प्याज अब 55-60 रुपए किलो तक पहुंच गया है।
लासलगांव मंडी में भी बढ़े थोक भाव
महाराष्ट्र की लासलगांव प्याज मंडी में थोक कीमतों में भी तेज वृद्धि हुई है। पिछले एक सप्ताह में भाव में करीब 30-42% तक का उछाल बताया जा रहा है।
वहीं दिल्ली की आजादपुर मंडी में अच्छी क्वालिटी के प्याज का थोक भाव 45-50 रुपए प्रति किलो से ऊपर पहुंच गया है। थोक बाजार में तेजी का सीधा असर खुदरा कीमतों पर पड़ रहा है।
आखिर क्यों बढ़ रहा है प्याज का भाव?
प्याज की कीमतों में मौजूदा तेजी के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। खरीफ प्याज की बुआई में देरी के कारण नई फसल की आवक प्रभावित हुई है। दूसरी तरफ त्योहारी सीजन से पहले मांग बढ़ने लगी है यानी बाजार में फिलहाल मांग ज्यादा और सप्लाई सीमित होने से कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
सरकार से राहत की उम्मीद
बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के लिए सरकार अपने बफर स्टॉक से प्याज की सप्लाई बढ़ाने की तैयारी कर रही है। सितंबर से सरकारी स्टॉक का प्याज मंडियों में उतारे जाने की उम्मीद है।
अगर नई खरीफ फसल की आवक बढ़ती है और सरकार बफर स्टॉक से पर्याप्त प्याज बाजार में उतारती है, तो आने वाले दिनों में कीमतों पर दबाव कम हो सकता है। फिलहाल त्योहारी खरीदारी के बीच प्याज की महंगाई ने आम परिवारों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।
