EPFO 3.0: EPF अकाउंट में बड़ा बदलाव, अब सिर्फ कुछ दिनों में मिल जाएगा PF का पूरा पैसा, जानें नए नियम
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 08:46 PM (IST)
नेशनल डेस्कः अगर आप नौकरी करते हैं और आपका पैसा EPF (Employees’ Provident Fund) में जमा होता है, तो यह खबर आपके लिए बड़ी राहत लेकर आई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल और तेज बना दिया है। नए EPFO 3.0 सिस्टम के तहत अब PF निकालने की प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा आसान, पारदर्शी और तेज हो गई है।
केंद्र सरकार ने राज्यसभा में जानकारी दी है कि अब ऑनलाइन PF क्लेम का निपटारा औसतन सिर्फ 8 दिनों में हो रहा है। यानी अगर आपकी KYC पूरी है और दस्तावेज सही हैं, तो एक हफ्ते के भीतर पैसा सीधे आपके बैंक खाते में आ सकता है।
अब लंबा इंतजार खत्म
पहले PF निकालने में कई हफ्ते या महीनों तक लग जाते थे। कई बार फाइल अटक जाती थी, कंपनी की मंजूरी में देरी होती थी या छोटी सी गलती की वजह से पैसा रुक जाता था। लेकिन EPFO 3.0 के बाद यह समस्या काफी हद तक खत्म हो गई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में 23 जनवरी 2026 तक EPFO ने 8.53 करोड़ से ज्यादा क्लेम निपटाए हैं। यह संख्या पिछले साल से भी ज्यादा है, जिससे साफ है कि नया सिस्टम तेजी से काम कर रहा है।
कंपनी की मंजूरी के बिना भी PF ट्रांसफर
EPFO 3.0 का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अगर आपकी e-KYC पूरी तरह अपडेट है, तो आप बिना अपनी पुरानी या नई कंपनी की मंजूरी के भी PF ट्रांसफर कर सकते हैं। यह खासतौर पर उन कर्मचारियों के लिए मददगार है जो बार-बार नौकरी बदलते हैं या जिनकी पुरानी कंपनी बंद हो चुकी है। अब वे सीधे EPFO पोर्टल से खुद ही ट्रांसफर कर सकते हैं।
प्रोफाइल सुधार अब घर बैठे संभव
जनवरी 2025 से EPFO ने प्रोफाइल सुधार प्रक्रिया को और सरल बना दिया है। अब कर्मचारी अपना नाम, जन्मतिथि, पिता का नाम या अन्य जानकारी खुद ऑनलाइन सुधार सकते हैं। पहले इसके लिए दफ्तर के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब यह काम मोबाइल या कंप्यूटर से किया जा सकता है। सरकार के अनुसार, जनवरी 2026 तक 27 लाख से ज्यादा प्रोफाइल सुधार अनुरोध निपटाए जा चुके हैं।
देश के किसी भी बैंक से मिलेगी पेंशन
EPFO 3.0 के तहत Centralized Pension Payment System लागू किया गया है। इसका मतलब यह है कि अब पेंशनधारक किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक से पेंशन ले सकते हैं। पहले पेंशन सिर्फ एक तय बैंक शाखा से मिलती थी, लेकिन अब यह नियम खत्म हो गया है। यह खासकर बुजुर्ग पेंशनधारकों के लिए बड़ी राहत है।
चेहरे से बनेगा UAN नंबर
अब नए कर्मचारियों के लिए Face Authentication यानी चेहरे से पहचान जरूरी कर दी गई है। अगस्त 2025 से UMANG ऐप के जरिए आधार फेस वेरिफिकेशन से UAN बनाया और एक्टिव किया जा सकता है। इससे पहचान ज्यादा सुरक्षित होगी और फर्जी खातों पर रोक लगेगी। साथ ही कर्मचारियों को नियोक्ता पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
पासबुक देखना हुआ आसान
EPFO 3.0 में Member Passbook Lite फीचर जोड़ा गया है। अब कर्मचारी अपने खाते में जमा रकम, लेन-देन और ब्याज की जानकारी आसानी से देख सकते हैं। इससे पारदर्शिता बढ़ी है और किसी भी गड़बड़ी का पता तुरंत लगाया जा सकता है।
