नोटबंदी के फैसले के बाद देश में खाद्यान्न की कीमतों पर कोई असर नहीं: पासवान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 28, 2017 - 04:09 PM (IST)

नई दिल्ली: सरकार ने आज लोकसभा में कहा कि नोटबंदी के फैसले से देश में दालों समेत खाद्यान्न की कीमतों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्री राम विलास पासवान ने आज लोकसभा में सत्यपाल सिंह के प्रश्न के उत्तर में कहा कि 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी के फैसले की घोषणा के बाद देश में आलू, प्याज, टमाटर और दालों समेत 22 आवश्यक वस्तुओं के दामों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

नोटबंदी के बाद किसानों से खरीदी गई इतने टन दाल
देश में इस साल अधिक मानसून के कारण रिकार्ड फसल उत्पादन के कारण किसानों को कम मूल्य मिलने की सदस्यों की चिंताओं के संबंध में मंत्री ने कहा कि विडंबना है कि खाद्यान्न के दाम बढ़ने पर इस तरह का माहौल बनता है कि थाली से दाल गायब हो गई है वहीं दाम कम होने पर किसानों को सही मूल्य नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि उत्पादन अधिक होने की स्थिति में स्वाभाविक है कि बुनियादी ढांचा कम पड़ेगा लेकिन सरकार हर संभव प्रयास कर रही है और वह दालों की अधिक से अधिक खरीद का प्रयास कर रही है। पासवान ने बताया कि नोटबंदी के बाद सरकार ने किसानों से करीब 3.89 लाख टन गेहूं, 184.45 लाख टन धान तथा 10.50 लाख टन दालें खरीदीं।

कालाबाजारी रोकने के लिए लोगों को किया गया गिरफ्तार
नोटबंदी के बाद देश में कालाबाजारी पर कार्रवाई के संबंध में पासवान ने कहा कि नवंबर 2016 से फरवरी 2017 के बीच राज्यों में अधिकारियों ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 17506 छापे मारे। इनमें 1924 लोगों को गिरफ्तार किया गया, 837 लोगों पर मुकदमा चलाया गया और 163 लोगों को दोषी ठहराया गया। इस अवधि में कालाबाजारी करने वाले 46 लोगों को हिरासत में लिया गया और 433.47 लाख रुपए मूल्य का माल जब्त किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News