''ना व्यापार, ना वीज़ा'', भारत ने पाकिस्तान पर लगाई सख्त पाबंदियां, अटारी-वाघा बॉर्डर बंद

punjabkesari.in Thursday, Apr 24, 2025 - 11:44 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापारिक संबंधों को एक बार फिर झटका लगा है। 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए अटारी-वाघा सीमा को व्यापार और आवाजाही के लिए तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। इसके साथ ही भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित करते हुए सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीज़ा भी रद्द कर दिए हैं।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि यह कदम आतंकवाद के खिलाफ सख्त संदेश देने के लिए उठाया गया है और यह भारत की सुरक्षा प्राथमिकताओं का हिस्सा है।

अटारी-वाघा सीमा: भारत-पाक व्यापार की एकमात्र ज़मीनी कड़ी

भारत और पाकिस्तान के बीच अटारी-वाघा मार्ग ही एकमात्र आधिकारिक स्थल-मार्ग है जिसके ज़रिए द्विपक्षीय व्यापार होता है। अमृतसर से लगभग 28 किलोमीटर दूर स्थित अटारी भूमि बंदरगाह (Land Port), न केवल पाकिस्तान से बल्कि अफगानिस्तान से भी भारत में माल लाने का एक प्रमुख केंद्र है। यह पोर्ट 120 एकड़ क्षेत्र में फैला है और नेशनल हाईवे-1 से सीधा जुड़ा हुआ है।

व्यापारिक आंकड़े: पहले गिरावट, फिर वापसी की कोशिश

  • 2017-18 और 2018-19: व्यापार मूल्य लगभग ₹4100–₹4300 करोड़
  • 2019-20: गिरकर ₹2772 करोड़
  • 2020-21: ₹2639 करोड़
  • 2022-23: ₹2257.55 करोड़ (निचला स्तर)
  • 2023-24: उछाल के साथ व्यापार ₹3886 करोड़ तक पहुंचा

माल और यात्री आवाजाही में ट्रेंड

मालवाहन ट्रक (Cargo Movement):

  • 2017-18 और 2018-19: लगभग 48,000-49,000 ट्रक
  • 2020-21: सिर्फ 5,250 ट्रक (कोविड और तनाव के चलते)
  • 2023-24: मामूली सुधार के साथ 6,871 ट्रक

यात्री आवागमन (Passenger Movement):

  • 2017-18 से 2019-20: लगभग 78,000 से 80,000 यात्री
  • 2020-21: गिरकर 6,177
  • 2023-24: सुधार के साथ 71,563 यात्रियों की वापसी

क्या भेजता है भारत और क्या आता है पाकिस्तान से?

भारत का निर्यात:
सोयाबीन, मुर्गियों का दाना, सब्जियां, लाल मिर्च, प्लास्टिक दाना और यार्न।

पाकिस्तान से आयात:
ड्राई फ्रूट्स, खजूर, जिप्सम, सीमेंट, कांच, सेंधा नमक और औषधीय जड़ी-बूटियां।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News