New Labour Code: आज से बदलेंगे काम के नियम, करोड़ों कर्मचारियों की सैलरी से ओवर टाइम तक यह कैसे डालेगा असर

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 06:55 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः नौकरीपेशा लोगों के लिए 1 अप्रैल 2026 की सुबह एक नई कार्यप्रणाली लेकर आ रही है। केंद्र सरकार के बहुप्रतीक्षित 4 नए लेबर कोड आज से पूरे देश में प्रभावी हो जाएंगे। सरकार ने पुराने और जटिल 44 श्रम कानूनों को खत्म कर उन्हें 4 आसान श्रेणियों में समाहित कर दिया है। यह बदलाव सिर्फ प्रशासनिक नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर आपकी टेक-होम सैलरी, पीएफ (Provident Fund) योगदान और ऑफिस के कामकाजी घंटों पर पड़ेगा।

फ्लेक्सिबल वर्किंग और ओवरटाइम के नए नियम
नए नियमों के तहत काम के घंटे पहले की तरह 8 घंटे प्रतिदिन और 48 घंटे साप्ताहिक ही रहेंगे, लेकिन इसमें फ्लेक्सिबिलिटी पर ज्यादा जोर दिया गया है। अब कंपनियां कर्मचारियों को ज्यादा लचीला वर्किंग कल्चर दे सकेंगी। साथ ही, साप्ताहिक घंटों के बेहतर प्रबंधन के आधार पर कर्मचारियों को पहले से ज्यादा ओवरटाइम कमाने का मौका मिलेगा, जिससे उनकी अतिरिक्त आय बढ़ सकती है।

चार मुख्य श्रेणियों में बांटे गए कानून
व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए प्रमुख प्रावधानों को चार संहिताओं में विभाजित किया गया है:

  • वेतन संहिता (Wage Code): सैलरी स्ट्रक्चर और बोनस तय करेगा।
  • सामाजिक सुरक्षा संहिता (Social Security Code): पेंशन, पीएफ और बीमा से जुड़े लाभ सुनिश्चित करेगा।
  • औद्योगिक संबंध संहिता (Industrial Relations Code): कंपनियों और कर्मचारियों के बीच विवादों को जल्दी सुलझाने में मदद करेगा।
  • व्यावसायिक सुरक्षा और स्वास्थ्य संहिता (OSH Code): कार्यस्थल की सुरक्षा और कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर फोकस करेगा।

कर्मचारियों पर पड़ने वाले बड़े असर
नए लेबर कोड लागू होने के बाद कर्मचारियों को कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे:

  • सैलरी स्ट्रक्चर में बदलाव: बेसिक सैलरी कुल वेतन का कम से कम 50% हो सकती है।
  • पीएफ में बढ़ोतरी: बेसिक सैलरी बढ़ने से पीएफ का योगदान भी बढ़ेगा, जिससे रिटायरमेंट फंड मजबूत होगा।
  • टेक-होम सैलरी पर असर: पीएफ बढ़ने के कारण शुरुआती तौर पर हाथ में मिलने वाली सैलरी कम हो सकती है।
  • बेहतर वर्किंग कंडीशन: कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों को ज्यादा सख्त और कर्मचारी-अनुकूल बनाया गया है।

इन नए नियमों के लागू होने से कर्मचारियों की सैलरी और काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News