Google Pay, PhonePe, Paytm पर नहीं दिखेगा मोबाइल नंबर, NPCI का नया आदेश
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 12:17 PM (IST)
New UPI Rule: डिजिटल पेमेंट करने वालों के लिए बड़ी खबर है। NPCI ने Google Pay, PhonePe, Paytm समेत सभी UPI ऐप्स और पार्टनर बैंक्स के लिए नया सर्कुलर जारी किया है। यह नया सर्कुलर डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) नियमों के तहत जारी किया गया है, जिसमें यूजर का पूरा मोबाइल नंबर डिस्प्ले नहीं करने की बात कही है। इसके लिए NPCI ने यूपीआई सर्विस प्रोवाइडर्स और बैंकों को 4 सितंबर तक की डेडलाइन दी है।
क्या है NPCI का आदेश?
NPCI ने यूपीआई इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के मोबाइल नंबर और निजी डेटा को सुरक्षित रखने के लिए यह नया आदेश जारी किया है। खास तौर पर महिलाओं की प्राइवेसी, पहचान और सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाया गया है।
इसे लेकर एजेंसी ने पिछले महीने ही एक सर्कुलर जारी किया था, जिसमें कहा था कि UPI यूजर का मोबाइल नंबर छिपाया जाए।
NPCI ने अपने सर्कुलर में कहा है कि बैंक और UPI ऐप्स को यूजर की प्राइवेसी का ख्याल रखना होगा। यूजर की जानकारी खास तौर पर UPI आईडी, मोबाइल नंबर और अकाउंट नंबर को हर कस्टमर फेसिंग इंटरफेस में छिपाया जाए। इस आदेश में यह कहा गया है कि QR कोड के जरिए किए जाने वाले ट्रांजैक्शन में यूजर के मोबाइल नंबर के आखिर के 4 डिजिट ही दूसरी पार्टी को दिखाई देना चाहिए।
यूजरनेम UPI ID
NPCI ने अपने आदेश में यह भी कहा कि UPI ऐप्स को ऐसी सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए, जिससे यूजर्स मोबाइल नंबर आधारित UPI आईडी के बजाय यूजरनेम UPI आईडी बना सके। अभी ज्यादातर यूजर्स अपने मोबाइल नंबर को ही यूपीआई आईडी के तौर पर इस्तेमाल करते हैं।
इस बदलाव के बाद UPI ट्रांजैक्शन के बाद मोबाइल नंबर तथा अन्य निजी जानकारियां सेफ रहेंगी। यूजर के निजी डेटा की सुरक्षा और प्राइवेसी के लिए उठाया गया बड़ा कदम है।
