अल नीनो बढ़ाएगा महंगाई, जुलाई-अगस्त में बढ़ सकते हैं दूध के दाम
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 11:10 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को जल्द ही एक और झटका लग सकता है। डेयरी उद्योग के जानकारों का अनुमान है कि दूध की कीमतों में जुलाई और अगस्त के दौरान 3-4 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसकी प्रमुख वजह अल नीनो और कमजोर मानसून की वजह बताई जा रही हैं, जो दूध उत्पादन को प्रभावित कर सकती हैं।
अल नीनो से क्यों बढ़ी चिंता?
अल नीनो एक मौसम संबंधी घटना है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होती है। कमजोर मानसून के कारण पसुओं के लिए हरे चारे और पानी उपलब्धता घट सकती है। इससे दूध देने वाले पशुओं की सेहत और उत्पादकता प्रभावित होती है। ऐसे में चारे की कमी होने पर पशुपालकों की लागत बढ़ जाती है।
अगले महीनों में बढ़ सकते हैं दूध के दाम
डेयरी उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि यदि प्रमुख दूध उत्पादक राज्यों में बारिश सामान्य से कम रहती है, तो अगले कुछ महीनों में दूध की कीमतों में 3-4 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दूध के साथ-साथ दही, पनीर, घी और अन्य डेयरी उत्पाद भी महंगे हो सकते हैं।
डेयरी कंपनियां कर रही हैं तैयारी
देश की बड़ी डेयरी कंपनियां संभावित संकट से निपटने के लिए पशुपालकों के साथ मिलकर चारा प्रबंधन और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम कर रही हैं। कंपनियों का कहना है कि फिलहाल दूध की आपूर्ति सामान्य है लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए अग्रिम तैयारी की जा रही है।
