रिलायंस बनाएगी भारत का सबसे बड़ा AI डेटा सेंटर, विशाखापत्तनम में 1.6 लाख करोड़ रुपए का निवेश
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 01:24 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की रेस अब नई रफ्तार पकड़ने जा रही है। Reliance Industries ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में करीब 1.6 लाख करोड़ रुपए का निवेश कर एक विशाल AI डेटा सेंटर क्लस्टर बनाने की योजना बनाई है। यह प्रोजेक्ट भारत को ग्लोबल डेटा और AI इकोनॉमी में मजबूत स्थिति दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
Google से भी बड़ा होगा प्रोजेक्ट
खास बात यह है कि यह डेटा हब Google के 1 गीगावॉट डेटा सेंटर से भी बड़ा होगा। इससे साफ संकेत मिलता है कि रिलायंस अब टेक्नोलॉजी और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर में भी अपना वर्चस्व बढ़ाना चाहती है।
तीन चरणों में तैयार होगा गिगा AI हब
यह मेगा प्रोजेक्ट तीन चरणों में विकसित किया जाएगा:
- पहले चरण में 500 मेगावॉट क्षमता का डेटा सेंटर (संभावित शुरुआत: अक्टूबर 2028)
- दूसरे चरण में क्षमता बढ़ाकर 1 गीगावॉट
- पूरे प्रोजेक्ट के लिए लगभग 935 एकड़ जमीन की जरूरत
इसमें डेटा सेंटर के साथ केबल लैंडिंग स्टेशन और डीसैलीनेशन प्लांट भी शामिल होंगे।
क्यों खास है विशाखापत्तनम?
विशाखापत्तनम तेजी से देश का उभरता डेटा सेंटर हब बन रहा है। यहां पहले से Google, Sify Technologies, Digital Connexion और Anant Raj Cloud जैसे बड़े खिलाड़ी सक्रिय हैं। नया प्रोजेक्ट भोगापुरम एयरपोर्ट के पास बनेगा, जिससे कनेक्टिविटी का बड़ा फायदा मिलेगा।
ग्रीन एनर्जी से चलेगा डेटा हब
रिलायंस सिर्फ डेटा सेंटर ही नहीं बना रही, बल्कि इसके साथ रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट भी जोड़ रही है। कंपनी करीब 1.08 लाख करोड़ रुपए डेटा सेंटर और 51,300 करोड़ रुपए ग्रीन एनर्जी पर खर्च करेगी।
इसमें 9000 मेगावॉट पीक सोलर पैनल क्षमता होगी, जो अधिकतम 6600 मेगावॉट बिजली पैदा कर सकेगी। यानी यह प्रोजेक्ट पूरी तरह से भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
