Drop in Gold-Silver prices: सोने-चांदी के दाम में बड़ी गिरावट! 3% टूटा Gold, जानें वजह?
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 04:01 PM (IST)
नई दिल्लीः सोने की कीमतों में इस सप्ताह करीब 3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बदली उम्मीदों और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से बढ़ी महंगाई की चिंता ने सोने पर दबाव बनाया है।
शुक्रवार को MCX पर अक्टूबर एक्सपायरी वाला सोना 0.03 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ ₹1,52,815 प्रति 10 ग्राम पर रहा। वहीं, सितंबर एक्सपायरी वाली चांदी 0.07 फीसदी फिसलकर ₹2,37,500 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
24 कैरेट सोना भी हुआ सस्ता
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत ₹1,54,884 रही। पिछले शुक्रवार को यह भाव ₹1,59,578 था। यानी एक सप्ताह में कीमत में करीब ₹4,694 की गिरावट आई है।
कीमती धातुओं में सप्ताह के दौरान उतार-चढ़ाव काफी तेज रहा। भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिकी फेड की ब्याज दरों को लेकर बदलते अनुमान और अमेरिका के उम्मीद से बेहतर रोजगार आंकड़ों ने सोने की दिशा को प्रभावित किया।
अमेरिकी रोजगार आंकड़ों ने बदला बाजार का रुख
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अगस्त के अमेरिकी रोजगार आंकड़े उम्मीद से काफी मजबूत रहे। इससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में जल्द कटौती या नरम रुख की उम्मीदों को झटका लगा।
इससे अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और डॉलर में तेजी आई, जिसका दबाव सोने जैसी गैर-ब्याज वाली संपत्तियों पर पड़ा। हालांकि, सप्ताह के बीच में कमजोर अमेरिकी लेबर मार्केट डेटा और फेड के नरम रुख वाले संकेतों के कारण सोने को कुछ सहारा मिला था, लेकिन शुक्रवार के मजबूत रोजगार आंकड़ों के बाद यह तेजी टिक नहीं पाई।
कच्चे तेल की तेजी ने भी बढ़ाई चिंता
शुरुआत में भू-राजनीतिक तनाव और कमजोर अमेरिकी डॉलर के कारण सोने को सपोर्ट मिला था लेकिन अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने और कुवैत से जुड़े घटनाक्रम के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई।
तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई की चिंता बढ़ी, जिससे अमेरिकी फेड की ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदें बदल गईं। बढ़ती Treasury yields और मजबूत डॉलर ने सोने की सुरक्षित निवेश वाली मांग पर भी भारी दबाव डाला।
MCX Gold में कहां है अगला सपोर्ट और रेजिस्टेंस?
विश्लेषकों के मुताबिक, कॉमेक्स गोल्ड के लिए $4,500-$4,530 का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस है, जबकि $4,330-$4,360 का स्तर सपोर्ट माना जा रहा है। MCX गोल्ड में ₹1,56,500-₹1,57,000 का स्तर रेजिस्टेंस जोन है। वहीं, ₹1,51,500-₹1,52,000 के स्तर पर सपोर्ट मिल सकता है।
आने वाले दिनों में सोने की चाल अमेरिकी ब्याज दरों की उम्मीदों, डॉलर, Treasury yields, कच्चे तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर निर्भर रहने की संभावना है।
