Cash Withdrawal Rules: SBI ग्राहकों के लिए बड़ा बदलाव, अब कैश निकासी पर लगेगा चार्ज, जानें कब लागू होगा नियम?

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 05:43 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बेसिक सेविंग्स डिपॉजिट अकाउंट (BSBD) वाले ग्राहकों के लिए सर्विस चार्ज में बदलाव किया है। बैंक की वेबसाइट के मुताबिक, नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। नए नियम के तहत BSBD अकाउंट धारक हर महीने 4 बार तक मुफ्त कैश निकासी कर सकेंगे। इसके बाद हर अतिरिक्त कैश निकासी पर 15 रुपए + GST प्रति ट्रांजैक्शन का शुल्क देना होगा।

किन ट्रांजैक्शन पर लागू होगा चार्ज?

SBI के अनुसार, कैश निकासी में ब्रांच, ATM, माइक्रो-ATM, AEPS और CASH@POS समेत सभी माध्यमों से की गई निकासी शामिल होगी।

हालांकि, UPI, IMPS, NEFT, RTGS और POS जैसे डिजिटल ट्रांजैक्शन पर कोई नया शुल्क नहीं लगाया गया है। ये सेवाएं ग्राहकों के लिए मुफ्त बनी रहेंगी।

इन सेवाओं पर नहीं लगेगा कोई चार्ज

  • SBI ने BSBD अकाउंट की कई मौजूदा सुविधाओं में कोई बदलाव नहीं किया है। इनमें:
  • बेसिक RuPay ATM-कम-डेबिट कार्ड के लिए कोई शुल्क नहीं
  • डेबिट कार्ड पर वार्षिक मेंटेनेंस फीस नहीं
  • केंद्र या राज्य सरकार के चेक जमा/कलेक्शन पर कोई शुल्क नहीं
  • इनएक्टिव अकाउंट को एक्टिवेट करने पर कोई फीस नहीं
  • अकाउंट बंद करने पर कोई चार्ज नहीं

कौन खुलवा सकता है BSBD अकाउंट?

जिस ग्राहक के पास जरूरी KYC दस्तावेज हैं और किसी भी बैंक में पहले से BSBD अकाउंट नहीं है, वह SBI में यह अकाउंट अकेले या संयुक्त रूप से खुलवा सकता है। मौजूदा सेविंग्स अकाउंट को भी BSBD अकाउंट में बदला जा सकता है लेकिन ग्राहक को यह घोषणा करनी होगी कि उसके नाम पर किसी अन्य बैंक में BSBD अकाउंट नहीं है।

BSBD अकाउंट की खासियतें

SBI के मुताबिक, इस अकाउंट में मिनिमम बैलेंस या मिनिमम एवरेज बैलेंस बनाए रखने की जरूरत नहीं है। अकाउंट बैलेंस की कोई अधिकतम सीमा भी नहीं है। पात्र ग्राहकों को हर साल 25 पन्नों की एक मुफ्त चेकबुक मिलती है।

इसके अलावा, ग्राहक YONO और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। अकाउंट में हर महीने जमा की जाने वाली रकम की भी कोई सीमा नहीं है।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary