IPO से पहले Flipkart में बड़ा झटका, CFO ने दिया इस्तीफा

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 05:22 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः ई-कॉमर्स कंपनी Flipkart में बड़े बदलावों का दौर जारी है। कंपनी के ग्रुप CFO श्रीराम वेंकटरमण ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब कंपनी भारत में अपने बहुप्रतीक्षित IPO की तैयारी कर रही है। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि वे ट्रांजिशन पीरियड में कुछ महीनों तक जुड़े रहेंगे, ताकि कामकाज प्रभावित न हो। फिलहाल रवि अय्यर वित्तीय जिम्मेदारियां संभालेंगे।

IPO से पहले हलचल तेज

CFO के इस्तीफे ने IPO से पहले बाजार में हलचल बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी जल्द ही बैंकों से प्रस्ताव मंगाने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। निवेशकों और बैंकरों के साथ शुरुआती बातचीत भी हो चुकी है। माना जा रहा है कि IPO इस साल के अंत या 2027 की शुरुआत में आ सकता है, हालांकि इसकी अंतिम टाइमिंग अभी तय नहीं है।

मैनेजमेंट में फेरबदल

कंपनी ने संगठनात्मक मजबूती के लिए नए बदलाव भी किए हैं। निशांत वर्मन को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया है, जो कॉर्पोरेट डेवलपमेंट और पार्टनरशिप की जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी ट्रांजिशन के दौरान संचालन को सुचारू बनाए रखने पर फोकस कर रही है।

छंटनी और कर्मचारियों पर असर

CFO के इस्तीफे से पहले ही कंपनी कर्मचारियों में कटौती कर चुकी है। इस साल 400 से 500 कर्मचारियों को निकाला गया, जो कुल वर्कफोर्स का करीब 3-4% है। कंपनी का कहना है कि यह कदम परफॉर्मेंस रिव्यू के तहत उठाया गया है, हालांकि इसका असर कई विभागों पर पड़ा है।

वित्तीय स्थिति और चुनौती

कंपनी का रेवेन्यू 17% से ज्यादा बढ़कर 82,787 करोड़ रुपए तक पहुंचा है लेकिन घाटा भी बढ़कर 5,189 करोड़ रुपये हो गया है। बढ़ते खर्च, खासकर इन्वेंट्री और ऑपरेशन लागत, कंपनी के लिए चुनौती बने हुए हैं। ऐसे में IPO से पहले मुनाफे में सुधार और लागत नियंत्रण कंपनी की प्राथमिकता होगी।

कुल मिलाकर, IPO से पहले Flipkart के भीतर हो रहे ये बदलाव आने वाले समय में निवेशकों के भरोसे और कंपनी के वैल्यूएशन को प्रभावित कर सकते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News