Gold Reserves: सोने में उछाल से जापान मालामाल, गोल्ड रिजर्व 120 अरब डॉलर के रिकॉर्ड पर

punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 04:02 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः जापान का गोल्ड रिजर्व बीते साल रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। देश का सोने का भंडार 120 अरब डॉलर के पार निकल गया है, जो 2024 की तुलना में करीब 60 फीसदी ज्यादा है। खास बात यह है कि इस दौरान जापान ने बड़े पैमाने पर सोने की खरीद नहीं की, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी की वजह से गोल्ड रिजर्व का मूल्य बढ़ा है।

जापान के कुल विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेक्स रिजर्व) में अब सोने की हिस्सेदारी करीब 9 फीसदी हो गई है। 2022 की तुलना में सोने की कीमतें लगभग दोगुनी हो चुकी हैं, जिसका सीधा असर देश के गोल्ड रिजर्व वैल्यू पर पड़ा है।

इसी के साथ जापान का कुल फॉरेक्स रिजर्व बढ़कर 1.17 ट्रिलियन डॉलर हो गया है, जो 2021 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। देश की कुल रिजर्व एसेट्स 1.37 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई हैं, जो भी पिछले तीन साल का रिकॉर्ड है।

US ट्रेजरी में जापान की हिस्सेदारी बढ़ी

एक तरफ जहां भारत, चीन, ब्राजील और सऊदी अरब जैसे कई देश अमेरिकी सरकारी बॉन्ड्स (US Treasuries) में अपनी हिस्सेदारी घटा रहे हैं और सोने में निवेश बढ़ा रहे हैं, वहीं जापान ने इसके उलट रुख अपनाया है। जापान की US ट्रेजरी में होल्डिंग बढ़कर 1.2 ट्रिलियन डॉलर हो गई है, जिससे वह अमेरिका के सरकारी बॉन्ड्स का सबसे बड़ा विदेशी निवेशक बना हुआ है।

विदेशी मुद्रा भंडार में जापान दूसरे नंबर पर

चीन के बाद जापान के पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा विदेशी मुद्रा भंडार है। चीन का फॉरेक्स रिजर्व 3.682 ट्रिलियन डॉलर है। इस सूची में स्विट्जरलैंड 927 अरब डॉलर के साथ तीसरे और भारत 662 अरब डॉलर के साथ चौथे स्थान पर है। रूस, हॉन्ग कॉन्ग, सऊदी अरब, दक्षिण कोरिया, जर्मनी और सिंगापुर भी दुनिया के टॉप-10 फॉरेक्स रिजर्व रखने वाले देशों में शामिल हैं।

सबसे ज्यादा सोना किसके पास?

गोल्ड रिजर्व के मामले में अमेरिका पहले नंबर पर है, जिसके पास 8,133 टन सोना है। इसके बाद जर्मनी (3,350 टन), इटली (2,452 टन), फ्रांस (2,437 टन), रूस (2,330 टन), चीन (2,304 टन), स्विट्जरलैंड (1,040 टन), भारत (880 टन), जापान (846 टन), तुर्की (641 टन) और नीदरलैंड (612 टन) का स्थान है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News