Gold Prediction: इस साल 2 लाख तक नहीं पहुंचेगा गोल्ड, ICICI बैंक की बड़ी भविष्यवाणी

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 11:10 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः घरेलू बाजार में सोने की रिकॉर्ड ऊंचाई के बीच ICICI Bank की नई रिपोर्ट ने निवेशकों की उम्मीदों पर थोड़ा ब्रेक लगाया है। बैंक की ग्लोबल मार्केट्स रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2026 में सोने का भाव 2 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की संभावना फिलहाल कम है। रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि इस साल सोना घरेलू बाजार में 1.50 लाख से 1.80 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के दायरे में रह सकता है, जबकि 2027 में यह बढ़कर 1.60 लाख से 1.90 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, साल की शुरुआत में जनवरी 2026 में सोना करीब 1.90 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था लेकिन बाद में कीमतों में नरमी देखने को मिली। फिलहाल घरेलू बाजार में सोने का भाव करीब 1.57 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है।

इस साल अब तक 20% की तेजी

साल 2026 में अब तक घरेलू सोने की कीमतों में लगभग 20% की मजबूत तेजी दर्ज की गई है। इसके पीछे कई बड़े कारण बताए गए हैं:

  • अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया करीब 7% कमजोर हुआ है।
  • सरकार ने 13 मई 2026 से सोने पर आयात शुल्क 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया।
  • वैश्विक बाजार में सोने की ऊंची कीमतों का असर सीधे भारतीय बाजार पर पड़ा है।

रिपोर्ट का कहना है कि आयात शुल्क बढ़ने का असर अभी पूरी तरह बाजार में नहीं दिखा है और आने वाले समय में कीमतों में 2-3% अतिरिक्त बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

किस आधार पर तैयार हुआ अनुमान?

आईसीआईसीआई बैंक ने अपने अनुमान में माना है कि साल 2026 में डॉलर के मुकाबले रुपया औसतन 96 के स्तर पर रह सकता है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की औसत कीमत 4,700 डॉलर प्रति औंस रहने का अनुमान है। वहीं 2027 के लिए रुपए का औसत स्तर 96.50 माना गया है।

पश्चिम एशिया तनाव का असर

रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2025 में वैश्विक बाजार में सोने ने करीब 65% की तेजी दिखाई थी। हालांकि, 28 फरवरी 2026 को पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय कीमतों में करीब 15% की गिरावट भी दर्ज की गई।

क्या आगे गिर सकता है सोना?

रिपोर्ट ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को ऊंचा बनाए रखता है या मौद्रिक नीति और सख्त करता है, तो सोने की तेजी सीमित हो सकती है। ऐसी स्थिति में 2027 तक कीमतें अनुमान से नीचे या स्थिर भी रह सकती हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News