आज खुला IRCTC का आईपीओ, प्रति शेयर आधार मूल्य 315 से 320 रुपए तय

Monday, Sep 30, 2019 - 12:11 PM (IST)

मुंबईः भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) आज खुल चुका है जिसमें प्रति शेयर आधार मूल्य 315 से 320 रुपए रखा गया है। आईआरसीटीसी रेलवे की इकाई है और इसमें 99.99 प्रतिशत हिस्सेदारी सरकार की है। इसके कुल 16 करोड़ शेयर में से दो करोड़ एक लाख 60 हजार की ब्रिकी का प्रस्ताव है जिनमें एक लाख 60 हजार कंपनी के कर्मचारियों के लिए आरक्षित होंगे। शेष दो करोड़ शेयर आम निवेशक खरीद सकेंगे जो कंपनी के कुल शेयर का 12.5 प्रतिशत है।

शेयर बाजार बीएसई के अनुसार, आईआरसीटीसी का आईपीओ 3 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगा। कंपनी ने 10 रुपए अंकित मूल्य वाले शेयर का आधार मूल्य 315 से 320 रुपए तय किया है। शेयरों की बिक्री से कंपनी को करीब 645 करोड़ रुपए की आमदनी की उम्मीद है। न्यूनतम बोली 40 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 40 इक्विटी शेयरों के गुणकों में होगी। कंपनी ने खुदरा श्रेणी के निवेशकों और पात्र कर्मचारियों के लिए आधार मूल्य पर प्रति शेयर 10 रुपए की छूट की पेशकश की है। वित्त वर्ष 2018-19 में कंपनी का कुल राजस्व 1,956.66 करोड़ रुपए और शुद्ध मुनाफा 272.60 करोड़ रुपए रहा था। उसके ऊपर कोई कर्ज नहीं है। कंपनी की शेयर पूंजी 160 करोड़ रुपए और नेट वर्थ 1,042.84 करोड़ रुपए है।
 

Supreet Kaur

Advertising