IndiGo ने महिला पायलटों को लेकर की बड़ी घोषणा, जानें क्या है कंपनी का पूरा प्लान

punjabkesari.in Friday, Aug 16, 2024 - 11:37 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने अपने वर्कफोर्स में महिलाओं (women workforce) की संख्या को लेकर एक महत्वपूर्ण ऐलान किया है। इंडिगो का लक्ष्य है कि अगले साल तक कंपनी में महिला पायलटों (Women Pilots) की संख्या 1,000 से अधिक हो जाए। वर्तमान में, एयरलाइन कंपनी के पास 800 से अधिक महिला पायलट हैं। इंडिगो के फ्लीट और नेटवर्क के विस्तार के साथ, कंपनी ने विविधता और समावेशिता को बढ़ावा देने के लिए इस योजना की घोषणा की है।

महिला इंजीनियरिंग कर्मचारियों की संख्या बढ़ी

इंडिगो के ग्रुप चीफ एचआर सुखजीत एस. पसरीचा ने कहा कि देश की ये एयरलाइन कंपनी इंजीनियरिंग और फ्लाइट कर्मचारियों सहित हर डिपार्टमेंट में काम करके बड़े पैमाने पर समावेशिता को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा, ''हर कार्य क्षेत्र में हम विविधता और समावेशिता को बढ़ावा दे रहे हैं। हम इसके लिए 360 डिग्री दृष्टिकोण अपनाते हैं। इंजीनियरिंग में महिलाओं की संख्या में कुल मिलाकर करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।''

सुखजीत एस. पसरीचा के मुताबिक, इंडिगो में सबसे ज़्यादा महिला पायलट हैं, जो अब 800 से भी ज़्यादा हैं। कंपनी में कुल करीब 14 प्रतिशत महिला पायलट हैं, जबकि ग्लोबल ऐवरेज सात से नौ प्रतिशत महिला पायलटों का है। उन्होंने कहा, "हम एक साल में (अगस्त, 2025 तक) 1,000 महिला पायलटों की संख्या पार कर लेंगे।" 

देश की सबसे बड़ी कंपनी के पास 5000 से भी ज्यादा पायलट

रोजाना 2,000 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करने वाली इस स्वदेशी एयरलाइन कंपनी के पास अभी 5,000 से भी ज्यादा पायलट हैं। बुधवार को इंडिगो ने देश की आजादी के 77 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए अपने एयरबस और एटीआर विमानों के लिए 77 महिला पायलटों को शामिल किया। एयरलाइन के पास 31 मार्च, 2024 तक 36,860 स्थायी कर्मचारी थे, जिनमें 5,038 पायलट और 9,363 केबिन क्रू शामिल थे। गिनती में 713 महिला पायलट शामिल थीं। इसमें एलजीबीटीक्यू वर्ग के कर्मचारी भी हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News