भारतीय IPO बाजार की दुनियाभर में धूम, 2024 में अरबों डॉलर जुटाए

punjabkesari.in Monday, Feb 24, 2025 - 12:53 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारत का IPO बाजार 2024 में वैश्विक स्तर पर मजबूत प्रदर्शन के साथ उभरा है। इंडस वैली एनुअल रिपोर्ट 2025 के अनुसार, 2024 में दुनिया भर में लॉन्च हुए IPOs में भारत की हिस्सेदारी 23% रही। इस दौरान, भारतीय कंपनियों ने IPOs के जरिए कुल 19.5 अरब डॉलर का फंड जुटाया। देश में कुल 268 IPO लॉन्च किए गए, जिनमें 90 मेनबोर्ड और 178 SME IPOs शामिल थे।

हुंडई मोटर इंडिया का IPO सबसे बड़ा रहा

साल 2024 में भारत का सबसे बड़ा IPO हुंडई मोटर इंडिया लेकर आई, जिसका इश्यू साइज 27,870 करोड़ रुपए था। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO होने के साथ-साथ 2024 में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा IPO भी रहा।

वेंचर कैपिटलिस्ट की भारतीय IPOs में बढ़ती रुचि

रिपोर्ट के अनुसार, वेंचर कैपिटल-समर्थित IPOs में भी जबरदस्त उछाल देखा गया है। 2021 के बाद से वेंचर समर्थित IPOs द्वारा जुटाई गई पूंजी 2021 से पहले की कुल राशि से दोगुनी हो गई है। इसके अलावा, SME सेक्टर में भी जबरदस्त ग्रोथ दर्ज की गई।

SME IPOs में भारी वृद्धि

2012 के बाद से SME IPOs का औसत बाजार पूंजीकरण 4.5 गुना बढ़कर 2024 में लगभग 100 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। वहीं, IPO के समय SME कंपनियों का औसत राजस्व तीन गुना बढ़कर 70 करोड़ रुपए तक हो गया है।

क्विक कॉमर्स सेक्टर में जबरदस्त उछाल

रिपोर्ट के अनुसार, क्विक कॉमर्स सेक्टर में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2025 तक इसका बाजार आकार 7.1 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि वित्त वर्ष 2022 में यह केवल 300 मिलियन डॉलर का था। यह ग्रोथ इंटरनेट की बढ़ती पहुंच, उपभोक्ताओं की बदलती प्राथमिकताओं और कंपनियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण देखी गई है।

सार्वजनिक होने वाली कंपनियों के औसत बाजार पूंजीकरण में गिरावट

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि IPO के जरिए लिस्ट होने वाली कंपनियों के औसत मार्केट कैप में गिरावट आई है।

  • 2021 में औसत मार्केट कैप 3,800 करोड़ रुपए था
  • 2022 में यह घटकर 3,000 करोड़ रुपए रह गया
  • 2023 में यह और गिरकर 2,770 करोड़ रुपए पर पहुंच गया
     

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News